नव भारत बनाया जाएगा

झूठ को सूली चढ़ाया जाएगा।
सत्य का डंका बजाया जाएगा।
अधर्म को पावन धरा से मिटाकर,
धर्म ध्वजा को फहराया जाएगा।।
एक नव भारत बनाया जाएगा।
संग मिल आगे बढ़ाया जाएगा।
अखण्ड हिन्द का फिर से निर्माण कर,
मुकुट माथे पर सजाया जाएगा।।
हर जन को गले लगाया जाएगा।
नस्लीय भेद को मिटाया जाएगा।
हर घर साक्षरता अभियान चलाकर,
हर एक बालक पढ़ाया जाएगा।।
शिक्षा का महत्व बताया जाएगा।
पढ़ने की ललक जगाया जाएगा।
हर एक शिशु को उचित शिक्षा मिलेगी,
प्रतिभा को न अब दबाया जाएगा।।
ज्ञान का दीपक जलाया जाएगा।
तमस को उर से भगाया जाएगा।
माँ भारती की हम सब सन्तान हैं,
सम्मान में सर झुकाया जाएगा।।
स्वरचित मौलिक रचना-राम जी तिवारी”राम”
उन्नाव (उत्तर प्रदेश)