Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
8 Aug 2019 · 1 min read

पावस की रात

शुन्य हृदय में प्रेम की,गहन जलद बरसात।
गहन अँधेरा कर गयी, पावस की यह रात।।

झुलस रही हूँ अग्नि-सी, बढ़ा दिया संताप।
मुझ विरहण को यूँ लगे, दिया किसी ने श्राप।।
शोक-गीत गाने लगे, जुगनू एक जमात।
गहन अँधेरा कर गयी, पावस की यह रात।।

घिरी याद की बदलियाँ, नस-नस बढ़ती पीर।
नवल मेघ जल बिन्दु से, नयन भरे हैं नीर।
छेड़े बिजुरी को कभी, करे घटा से बात।
गहन अँधेरा कर गयी, पावस की यह रात।।

रोम-रोम बेसुध पड़ा,अंतस भर कर शोर।
कठिन प्रलय की रात यह, कैसे होगी भोर।।
चाँद सितारे छुप गये, सिसक रहे जज्बात ।
गहन अँधेरा कर गयी, पावस की यह रात।।

शुन्य हृदय में प्रेम की,गहन जलद बरसात।
गहन अँधेरा कर गयी, पावस की यह रात।।
-लक्ष्मी सिंह
नई दिल्ली

Loading...