Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
29 May 2024 · 1 min read

हम हमेशा साथ रहेंगे

हम हमेशा साथ रहेंगे
हों चाहे पर्वत की ऊँचाइयाँ
या फिर हों सागर की गहराइयाँ
नदियों में दिखती हों परछाइयाँ
हम सदा संग मिलकर बहेंगे
हम हमेशा साथ रहेंगे…..

हम हमेशा साथ रहेंगे
हों चाहे नज़रों की अठखेलियाँ
या फिर हों मन की मनमानियाँ
रंग लाएँ जब अपनी रंगीनियाँ
हम सदा संग मिलकर रंगेंगे
हम हमेशा साथ रहेंगे……

हम हमेशा साथ रहेंगे
हों चाहे विरह की बेचैनियाँ
या फिर हों मिलने की मदहोशियाँ
मिल जायें एक-दूजे की गलबहियाँ
हम सदा संग मिलकर मिलेंगे
हम हमेशा साथ रहेंगे…….

हम हमेशा साथ रहेंगे
हों चाहे बचपन की नादानियाँ
या फिर हों यौवन की अँगड़ाइयाँ
बुढ़ापे की गुजरें जब मजबूरियां
हम सदा संग मिलकर चलेंगे
हम हमेशा साथ रहेंगे…..

Loading...