*रामपुर में 1100 फीट लंबी तिरंगा यात्रा*
रामपुर में 1100 फीट लंबी तिरंगा यात्रा
🍂🍂🍂🍂🍂🍂🍂🍂
17 मई 2025 प्रातः 9:30 बजे से लोग जुड़ना शुरू हो गए। ठीक 9:30 बजे अंबेडकर पार्क पर सर्वश्री जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार, प्रदीप गुप्ता, संजय पाठक आदि उपस्थित थे। पार्क में बॉंई ओर मंच बना था। सैनिकों को प्रणाम करने हेतु एक बैनर मंच की पृष्ठभूमि को समृद्ध कर रहा था। मंच के सामने काफी कुर्सियां थीं।
साहित्यकार चंद्र प्रकाश सक्सेना जी मिलक से पधारे थे। गर्मजोशी से मुलाकात हुई। हमारा हाथ पकड़ कर आप हरीश गंगवार जी से मुलाकात कराने ले गए, यद्यपि थोड़ी देर पहले ही प्रदीप गुप्ता जी और संजय पाठक जी परिचय करा चुके थे। आलोक अग्रवाल एडवोकेट जी की कुर्सी के पास हम भी बैठ गए। अच्छा लगा।
सर्वाधिक प्रसन्नता व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष प्रखर चिंतक श्री शैलेंद्र शर्मा जी के साथ बैठकर बातें करने में महसूस हुई। यद्यपि देश भक्ति के गीत लाउडस्पीकर पर ऊंची आवाज में बज रहे थे, जिसके कारण व्यक्तिगत बातचीत लगभग असंभव थी। फिर भी यह जानकर बहुत प्रसन्नता हुई कि शैलेंद्र शर्मा जी के सुपुत्र भारतीय वायु सेवा में युद्धक-विमान उड़ाते हैं। दुश्मनों से लोहा लेते हैं। ऐसे महान सपूत के महान पिता के साथ सेल्फी लेकर हमने स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया।
अंबेडकर पार्क (सिविल लाइंस), रामपुर से चलकर तिरंगा यात्रा गांधी समाधि तक पहुंची। तिरंगा यात्रा का मुख्य आकर्षण 1100 फीट लंबा तिरंगा था। जब तिरंगा यात्रा आरंभ हुई तो इतना लंबा तिरंगा जो पहले से रोल किया हुआ था, खुलना शुरू हुआ। चौड़े तिरंगे को दोनों ओर से तिरंगा यात्रा में सहभागिता कर रहे नागरिकों ने अपने हाथ से थाम लिया। लंबी कतार नागरिकों की बन गई। इस तरह हाथों में तिरंगे को उठाए हुए 1100 फीट की लंबाई तक नागरिकों का यह उत्साह इतिहास में एक रिकॉर्ड के रूप में अविस्मरणीय क्षण के रूप में दर्ज हो गया। इन पंक्तियों के लेखक के साथ-साथ जो लोग चल रहे थे, वह सब मुस्तैदी के साथ तिरंगे को अपने हाथों में उठाए हुए थे। यात्रा के दौरान एक भी अवसर ऐसा नहीं आया जब नागरिकों ने अपनी मुस्तैदी में कोई कमी की हो। तिरंगा अंबेडकर पार्क से लेकर गांधी समाधि तक हवा में लहराता हुआ ही चला। यह राष्ट्र का गौरव था, जिसकी रक्षा सीमा पर तैनात सैनिक कर रहे हैं और शहरों,कस्बों और गांवों में भारत की देशभक्त जनता कर रही है।
तिरंगा यात्रा का उत्साहवर्धन करने के लिए राहे रजा पर कम से कम एक दर्जन स्थानों पर तिरंगा यात्रा का स्वागत और अभिनंदन किया गया। पुष्प वर्षा हुई। पानी का इंतजाम था। शरबत भी उपलब्ध कराया जा रहा था। तिरंगा यात्रा का स्वागत करते हुए रास्ते में वी.आई.पी. कॉलोनी के द्वार पर महिलाओं और पुरुषों की काफी भीड़ थी। सड़क गुलाब के फूलों की पंखुड़ियों से भरी हुई थी। ईश्वर नर्सिंग होम के सामने डॉक्टर अनिल कुमार यात्रा के स्वागत के लिए धूप में खड़े हुए दिखाई दिए। सर्वश्री गौरव अग्रवाल तथा ज्ञान प्रकाश गुप्ता आदि भी एक अन्य स्थान पर तिरंगा यात्रा का अभिनंदन कर रहे थे। कचहरी के गेट के आगे वकीलों का बड़ा समूह तिरंगा यात्रा के अभिनंदन के लिए उपस्थित था।
तिरंगा यात्रा को रामपुर से निर्वाचित भूतपूर्व लोकसभा सदस्य श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने अंबेडकर पार्क पर संबोधित किया। जब तिरंगा यात्रा गांधी समाधि पर पहुंची तो रामपुर के वर्तमान विधायक श्री आकाश सक्सेना का संबोधन तिरंगा यात्रा को प्राप्त हुआ। तिरंगा यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे एक क्षण के लिए भी नहीं रुके।
—————————————-
लेखक: रवि प्रकाश
बाजार सर्राफा (निकट मिस्टन गंज), रामपुर, उत्तर प्रदेश
मोबाइल 9997615451