अंतर्राष्ट्रीय बाल व्यास श्वेतिमा माधव प्रिया की संगीतमय प्रस्तुति से भक्त हुए भाव-विभोर

अंतर्राष्ट्रीय बाल व्यास श्वेतिमा माधव प्रिया की संगीतमय प्रस्तुति से भक्त हुए भाव-विभोर
“बांस की बांसुरिया पर घड़ों इतरावे” गीत पर झूम उठे श्रद्धालु
सूरत, राम रामेश्वर मंदिर – श्रीमद्भागवत महापुराण साप्ताहिक ज्ञान यज्ञ के पंचम दिवस पर श्रद्धालुओं को भक्ति का अनुपम आनंद प्राप्त हुआ। कथा मंच पर विराजमान अंतर्राष्ट्रीय बाल व्यास श्वेतिमा माधव प्रिया ने जब अपनी भावपूर्ण वाणी में कृष्ण नामकरण, माखन चोरी लीला और गोवर्धन पूजा के प्रसंग सुनाए, तो पूरा मंदिर परिसर भक्ति-रस में डूब गया।
कथा के दौरान जब “बांस की बांसुरिया पर घड़ों इतरावे” गीत की मधुर प्रस्तुति हुई, तो ऐसा प्रतीत हुआ मानो स्वयं नंदलाल गोकुल में गोपियों के उलाहने सुनकर आनंदित हो रहे हों। इस दिव्य प्रस्तुति पर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर झूम उठे और पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया।
इस दिव्य आयोजन में सामाजिक समरसता संस्था के अध्यक्ष राहुल सिंह एवं श्रुति सिंह की विशेष भूमिका रही। उनकी अगुवाई में आयोजित यह साप्ताहिक ज्ञान यज्ञ श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बन गया।
राम रामेश्वर मंदिर में उपस्थित भक्तों ने बाल व्यास के अद्भुत ज्ञान और संगीतमय कथा शैली की भूरी-भूरी प्रशंसा की। कथा के दौरान भक्तगण “राधे-राधे” और “हरे कृष्ण” के मंत्रों का उच्चारण करते रहे, जिससे पूरा माहौल भक्तिरस से सराबोर हो गया।
इस अलौकिक आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि भक्ति की कोई उम्र नहीं होती। जब प्रेम और श्रद्धा की धारा बहती है, तो हर हृदय श्रीकृष्ण की लीलाओं में खो जाता है और आत्मा भगवान के परम आनंद का अनुभव करती है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. डी. आर. रेवाला, सुशील सिंह, डॉ. ए. के. सिंह, संदीप दीक्षित, कौशल दुबे, जितेंद्र सिंह, जगदीश सहानी, मिथलेश जी, राजमनी पाण्डेय, श्री राकेश भाई शर्मा, अखिलेश शर्मा, प्रकाश भाई, विजय शर्मा, लाल बाबू शर्मा, आचार्य गौरव पाण्डेय, मदन मोहन मालवीय, आकाश, डॉ. रागिनी पाण्डेय, शुभम सिंह, जितेंद्र, कृष्णा सिंह, राम आशीष पाण्डेय, प्रदीप पाण्डेय, दीप नारायण सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे और कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।