Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
22 Sep 2021 · 1 min read

कुण्डलिया

कुण्डलिया…..
——————
( 1.)

हिन्दी की जागीर हैं, तुलसी, मीरा, सूर |
साखी कही कबीर ने, भरा ज्ञान भरपूर ||
भरा ज्ञान भरपूर, लिखी जो पीर परायी |
मीरा नूतन काल, महादेवी कहलायी ||
शरण मैथिली गुप्त, भाल भारत बिन्दी |
खुसरो बड़े अमीर, खास पहचानी हिन्दी ||

( 2.)

हिन्दी के उद्धार में, खूब किए थे यत्न |
श्रेष्ठ कवि इसके हुए, कहलाए नवरत्न ||
कहलाए नवरत्न, देव, मतिराम, बिहारी |
केशव, तुलसी, सूर, बखानी दुनिया दारी ||
भूषण औ’ हरिचन्द, बही कविता कालिन्दी |
गायी गाथा वीर, चन्दबरदायी हिन्दी ||

( 3.)

भाषा हिन्दी का रहा, स्वर्णिम सा इतिहास |
सूर, बिहारी, जायसी, मीरा के रविदास ||
मीरा के रविदास, पंत, जयशंकर आला |
भारतेन्दु हरिचन्द, प्रेम, चौहान, निराला ||
कविता माखनलाल, पुष्प की थी अभिलाषा |
दिनकर जैसे पूत, मात है हिन्दी भाषा ||

बी०एल०तोन्दवाल

Loading...