Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
22 Jan 2020 · 1 min read

बात से अपनी अगर आप मुकर जाएंगे

बात से अपनी अगर आप मुकर जाएंगे
तो हमारी भी निगाहों से उतर जाएंगे

घेर रक्खा है हमें गम के अँधेरों ने यूँ
रोशनी की भी झलक देख के डर जाएंगे

सूख जाएंगे अगर प्यार की बरखा न हुई
पीले पत्तों की तरह हम तो बिखर जाएंगे

रखिये ये हौसलों के पंख सलामत अपने
उड़ न पाएंगे अगर ये ही कतर जाएंगे

कहने में आपने छोड़ी न कसर कोई भी
शब्द ये आपके कर दिल पे असर जाएंगे

जानते हैं कि बड़ा गहरा ये भवसागर
कर्मों की नाव बना पार उतर जाएंगे

जिस तरह रुक नहीं पाये खुशी के लम्हें हैं
‘अर्चना’ दौर ये मुश्किल भी गुजर जाएंगे

22-01-2020
डॉ अर्चना गुप्ता
मुरादाबाद

Loading...