Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
16 Sep 2023 · 1 min read

मिलेट/मोटा अनाज

मिलेट एक प्रकार का,है प्राचीन अनाज।
छुपे हुए हैं स्वास्थ्य के, जिसमें सारे राज़।।

कोदो कुटकी काँगणी,चीना रागी ज्वार।
अब मिलेट के नाम से, आया है बाज़ार।।

साँवा,कोदो, बाजरा,झंगोड़ा,जौ,ज्वार।
इसको खाते थे कभी, दीन- हीन लाचार।।

पशुओं का चारा रहा,दीनों का आहार।
अब मिलेट के नाम पर,खाते हैं जरदार।।

मोटे अनाज को किया,जब से खाना बंद।
रोग ग्रसित मानव हुआ,बचा नहीं आनंद।।

मोटे अनाज में भरा, कई गुणों का खान।
पाचन तंत्रों के लिए,सदा रहा वरदान।।

जीवन शैली का यही, है सटीक उपचार।
सारे पोषक तत्व का,मिलेट में भंडार।।

मिलेट शरीर में अम्लता,कर देता है दूर।
एंटीऑक्‍सीडेंट से,जो होता भरपूर।।

पोषक तत्वों से भरा,मड़ुआ करे कमाल।
जो नित दिन खाता इसे,हो जाता है लाल।।

मिलेट अनाज का करे, भोजन में उपयोग।
बलवर्धक इस खाद्य से, रहते सभी निरोग।।

मिलेट नियमित रूप से,सेवन करना आप।
रोगनिरोधक खाद्य ये,हरे रोग संताप।।

-लक्ष्मी सिंह

Loading...