रामचितमानस और गीता गाएंगे
🌹शीर्षक 🌹
रामचरितमानस और गीता गाएंगे
करना है कुछ काम जरूरी
मात-पिता सम्मान जरूरी
सद्व्यवहार व वचन से सदा
खुद का बढ़ाएं मान जरूरी
जग में सुन्दर हम अपना परिवार बनाएंगे।
पढ़ेंगे रामचरितमानस और गीता गाएंगे।।
लक्ष्मण का व्यवहार पढ़ेंगे
मानवता का सार पढ़ेंगे
सीता का सम्मान साथ ही
हो नारी सुविचार पढ़ेंगे
भरत भूमि पर पावन प्रिय दीदार दिखाएंगे।
पढ़ेंगे रामचरितमानस और गीता गाएंगे।।
सेवा हम हनुमान-सा सीखें
आदर्श प्रभु राम-सा सीखें
मर्यादा मर्यादित कर
विभीषण भक्ति-भान सा सीखें
भ्रातृ भावना प्रबल भरत-सा प्यार जगाएंगे।
पढ़ेंगे रामचरितमानस और गीता गाएंगे।।
ईर्ष्या, द्वेष मिटाना होगा
गृह से क्लेश भगाना होगा
उबटन से हिय-अवगुण काढ़
तिमिर में दीप जलाना होगा
“रागी” लेकर शपथ दीन पर दया जताएंगे।
पढ़ेंगे रामचरितमानस और गीता गाएंगे।।
🙏कवि🙏
राधेश्याम “रागी”
कुशीनगर उत्तर प्रदेश