* हो जाओ तैयार *
![](https://cdn.sahityapedia.com/images/post/02171f78e0a2f3a09a016cf96960c3cc_ca214c5eac457323814389d3067ad71c_600.jpg)
** गीतिका **
~~
हो जाओ तैयार, कठिन पथ पर चलना है।
मत करना आराम, अहर्निश जब बढ़ना है।
ऊंचे शिखर विशाल, चुनौती देंगे हमको।
कर लेंगे सब पार, जोश मन में भरना है।
सोने का अब नाम, नहीं लेना है हमको।
तजकर प्यारी नींद, निशा में भी जगना है।
लेकर सबका साथ, विजय निश्चित कर लेंगे।
सब लोगों के बीच, सखा बन कर रहना है।
हार जीत से मुक्त, बढ़ेंगे हम निर्भय हो।
मजबूती से पक्ष, सदा अपना रखना है।
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
-सुरेन्द्रपाल वैद्य