Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
13 Aug 2024 · 1 min read

हिन्दी भाषा

गीतिका
~~~
हिन्दी भारत की भाषा है, सब इसका सम्मान करें।
सभी स्थान हर अवसर पर हम, इसका ही गुणगान करें।

वेदों की वाणी संस्कृत है, हम सब की पहचान यही।
इससे जन्म लिया हिन्दी ने, हम सब गौरव भान करें।

आगे बढ़ना है हिन्दी को, साथ लिए अपनी बोली।
संग सभी के कदम मिलाकर, जग में ऊंची शान करें।

हम विदेश घर कार्य स्थलों पर, नगर गांव हर बस्ती में।
साथ बसी हो मन में गहरी, जहां कहीं प्रस्थान करें।

अपनी प्रिय हिंदी भाषा का, कुछ करते अपमान यहां।
यहां कौन अपना बेगाना, सभी खूब पहचान करें।

यही ज्ञान की भाषा अपनी, और नित्य विज्ञान यही।
इसके हित भारत माता का, नित्य पूर्ण सम्मान करें।

स्वातंत्र्य संघर्ष में इसने, राह दिखाई वीरों को।
साकार करें उनके सपने, और राष्ट्र उत्थान करें।
~~~
-सुरेन्द्रपाल वैद्य, १३/०८/२०२४

Loading...