Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
23 Mar 2023 · 1 min read

वो तो शहर से आए थे

खेती करने को आसान काम कह रहे थे
सोच रहे थे सब जाने वो कहां से आए थे
वो जब अंगीठी को चूल्हा कह गए थे
हम भी समझ गए वो तो शहर से आए थे

सोंधी सोंधी खुशबू इस गांव की मिट्टी की
जाने उनको क्यों नहीं भा रही थी
डर रहे थे जब वो मिट्टी में हाथ लगाने से
हम भी समझ गए वो तो शहर से आए थे

था नहीं खेती का कोई अनुभव उनको
खेती पर बोलकर, वो विदेश भी हो आए थे
किताबें पढ़कर ही बन गए थे कृषि एक्सपर्ट वो
हम भी समझ गए वो तो शहर से आए थे

अपनी धुन में मगन है वो इतने कि
अनपढ़ किसान को अंग्रेज़ी में समझा आए थे
भाग खड़े हो गए थे चंद बारिश की बूंदों से
हम भी समझ गए वो तो शहर से आए थे

चल रहे थे ऐसे गांव की पगडंडियों पर
मानो वो दूसरे ग्रह से धरती पर आए थे
जब पकड़ लिया उन्होंने संकरे रास्ते पर हाथ मेरा
हम भी समझ गए वो तो शहर से आए थे

अभी देखी नहीं थी दोपहर की गर्मी खेतों में
वो सुबह सुबह ही खेतों से हो आए थे
जब दोपहर में चंद पलों में हो गई हालत खस्ता
हम भी समझ गए वो तो शहर से आए थे।

Loading...