Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
7 Mar 2018 · 1 min read

महंगाई के दोहे

महंगाई डायन डसे, निर्धन को दिन-रात
धनवानों की प्रियतमा, पल-पल करती घात //१//

महंगाई के राग से, बिगड़ गए सुरताल
सिर पर चढ़कर नाचती, बिल्कुल गले न दाल //२//

महंगी रोटी-दाल है, मुखिया तुझे सलाम
पूछे कौन ग़रीब को, इज्ज़त भी नीलाम //३//

आटा गीला हो गया, क्या खाओगे लाल
बहुत तेज इस दौर में, महंगाई की चाल //४//

आटा-चावल-दाल क्या, सत्तू तक है दूर
महंगाई के खेल में, हिम्मत चकनाचूर //५//

बच्चे बिलखें भूख से, पिता रहा है काँप
डसने को आतुर खड़ा, महंगाई का साँप //६//

महंगाई प्रतिपल बढे, कैसे हों हम तृप्त
कलयुग का अहसास है, भूख-प्यास में लिप्त //७//

महंगाई के प्रेत ने, किया लाल को मौन
मात-पिता हैरान हैं, उनको पूछे कौन //८//

गपशप में होने लगी, महंगाई की बात
वेतन ज्यों का त्यों रहा, दाम बढे दिन-रात //९//

महंगाई के दौर में, कटुता का अहसास
बदल दिया है भूख ने, वर्तमान इतिहास //१०//

सदियों से निर्धन यहाँ, होते रहे हलाल
धनवानों के हाथ में, इज़्ज़त रोटी-दाल //११//

वेतन थकती सीढियाँ, मजदूरी बेहाल
तेज़ लिफ़्ट से है बड़ी, महँगाई की चाल //१२//

Loading...