Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
28 Nov 2025 · 5 min read

कहानी: "मीठा अपमान"

कहानी: “मीठा अपमान”
लेखक: सुनील बनारसी

प्रस्तावना (भूमिका):
यह कहानी एक साधारण ग्रामीण परिवार की असाधारण गरिमा की है, जहां शादी-ब्याह की चहल-पहल के बीच एक बालक के आत्मसम्मान की चोट पूरे परिवार को झकझोर देती है। यह सिर्फ सामाजिक व्यवहार नहीं, बल्कि सम्मान, संस्कार और जवाब देने की तहज़ीब की गूढ़ परतें उजागर करती है—बिना शोर किए, बहुत कुछ कहती हुई।

कहानी: “मीठा अपमान”-

गांव का नाम था शिवपुर—नाम जितना धार्मिक, जीवन उतना ही साधारण और संघर्षों से भरा। पर आज माहौल अलग था। मई की चिलचिलाती दोपहरी में भी गांव की गलियां चहक रही थीं।

रजई के घर बेटी की शादी थी। पंडाल में रंगीन पर्दे लहरा रहे थे, लाउडस्पीकर पर शहनाई की मीठी तान बज रही थी, और बारात की प्रतीक्षा में सभी उत्सुक थे।

शाम के चार बजे थे, पर लू की तपिश अब भी कम नहीं हुई थी। गांववाले पसीने से तरबतर, कभी पेड़ की छांव तो कभी स्टॉल पर ठंडे पानी की बोतल ढूंढ़ते नजर आ रहे थे। खानपान की स्टॉलों से पानीपुरी, कटलेट और छेना मिठाई की खुशबू उड़ रही थी, जो गर्मी में भी लोगों की भूख जगा रही थी।

बच्चे मस्ती में इधर-उधर दौड़ रहे थे, महिलाएं झुलसती गर्मी में भी दुल्हन की तैयारियों में मग्न थीं। माहौल में उत्साह था, पर गर्मी की झुलसन भी साफ झलक रही थी।

इन्हीं तैयारियों के बीच एक बच्चा था—चंदन। उम्र कोई दस साल, पांचवीं में पढ़ने वाला, मगर समझदारी में कई बड़े बच्चों को मात देने वाला। उसके पिता विकास बनारस में ऑटो चलाते थे। चंदन पिछले कई दिनों से इस शादी को लेकर बेहद उत्साहित था। अपने दोस्तों से वह बार-बार कहता, “देखना, बारात में सबसे आगे नाचूंगा, मिठाई भी जमकर खाऊंगा।”

सुबह से चंदन रजई के घर के चक्कर काट रहा था। कभी किसी मेहमान को पानी थमाना हो, तो कभी किसी को बिछावन दिखाना—चंदन हर काम में सबसे आगे। एक पैर पर खड़ा रहता जैसे आदेश की प्रतीक्षा कर रहा हो। उसके चेहरे पर बाल सुलभ मासूमियत की चमक थी, और आंखों में किसी बड़े मेले का सपना। गांव के हर बड़े-बुजुर्ग को वह बालक मानो आंखों का तारा लगता था।

शाम की ढलती धूप में जब गर्म हवा तन-बदन झुलसाने लगी थी, तब नारायण जो गांव के सीधे-सपाट लेकिन विचारशील व्यक्ति—ने उसे पास बुलाया। उनके चेहरे पर वर्षों की समझदारी की छाया थी।

“अरे बेटा, कुछ खाया-पिया की नहीं तू? सुबह से तो जैसे मशीन बन गया है!”

चंदन मुस्करा दिया, पसीने से भीगा चेहरा चमक उठा—“अभी लेता हूं काका, बस थोड़ा सा बचा था काम।”

नारायण ने जेब से रुमाल निकालकर उसके माथे का पसीना पोंछा और स्टॉल की ओर इशारा किया। बोले, “जा, दो छेना ले आ—एक सादा, एक मलाई वाला… और हां, आराम से खा, कोई जल्दी नहीं है।”

चंदन ने खुशी से सिर हिलाया और जैसे ही पहला टुकड़ा तोड़ा, मानो मुंह में रस घुला ही था कि पीछे से एक कड़कती आवाज सुनाई दी—रजई की।

“अबे ओ! तू फिर मिठाई खा रहा है? किस-किस से कहूं तुझसे दूर रहो! बारातियों के लिए रखा है सब कुछ, और तू है कि बार-बार प्लेट लेकर चला आता है! इज्जत का कबाड़ा कर देगा?”

रजई की आवाज जैसे कान के परदे चीर गई। चंदन घबरा गया, हाथ में छेना थरथरा गया। वह बोलने ही जा रहा था—“काका ने कहा था…” मगर बात पूरी होने से पहले ही एक झन्नाटेदार थप्पड़ उसके गाल पर पड़ा, मानो गर्मी में भी अंगार रख दिया गया हो।

चंदन की आंखों से आंसू बह चले। मुंह खुला का खुला रह गया, और मिठाई का स्वाद कड़वाहट में घुल गया। उस एक थप्पड़ ने जैसे उसकी सारी उम्मीदों को जमीन पर पटक दिया।

चंदन की आंखों में लालपन भर आया। वह कुछ कह न सका। वह धीरे से स्टॉल के पास गया, हाथ में बचा हुआ छेना वहीं रख दिया, और सिर झुकाकर अपने घर चला गया।

नारायण यह सब देख रहे थे। वह तेजी से रजई के पास पहुंचे और बोले, “रजई भैया, आपने बहुत गलत किया। बच्चा मेरे कहने पर खा रहा था। आपने बिना पूछे, बिना समझे उसे मार दिया।”

शादी-ब्याह की रौनक बड़ों की साज-सज्जा से नहीं, बच्चों की मासूम चहक से होती है। अगर किसी शादी में कोई सबसे ज़्यादा खुश होता है, तो वह होता है—एक बच्चा। उसकी दुनिया में मिठाई का स्वाद ही सब कुछ होता है।

रजई कुछ झुंझलाए से बोले, “आपको पता नहीं है भैया, कितना झंझट होता है। हमें व्यवस्था देखनी है, इज्जत देखनी है।”

नारायण मुस्कराए, बोले, “याद है बचपन में हम भी शादियों में जाकर तीन-तीन बार रसगुल्ला खाते थे? कभी किसी ने कुछ कहा क्या?”

रजई चुप हो गए। शायद उन्हें अपने बचपन की कोई परछाई छू गई थी।

उधर चंदन घर में चुपचाप बैठा था। मां सीमा ने पूछा, “क्या हुआ बेटा? तू तो बड़ा खुश था आज?”

चंदन की आंखें अब तक नम थीं। मां सीमा ने उसका चेहरा सहलाया और पूछा, “क्या हुआ बेटा, बता तो सही।”

चंदन ने गला साफ किया, और धीमे-धीमे पूरे घटनाक्रम को मां-बाप के सामने रख दिया—कैसे नारायण काका ने उसे मिठाई दी, और कैसे रजई ने सबके सामने झिड़क कर उसका अपमान कर दिया। थप्पड़ की बात आते-आते उसकी आवाज कांप गई।

सीमा सन्न रह गई। चेहरा तमतमा उठा। आंखों में आंसू और क्रोध दोनों तैर रहे थे। वह बोली, “जिस घर में मेरे बेटे का सम्मान नहीं है, मैं वहां तो क्या, उस ओर देखने तक नहीं जाऊंगी। खाना-पीना तो दूर की बात है।”

थोड़ी देर के लिए विकास स्तब्ध रह गए। बेटे के सूजे गाल और बुझी आंखें देखीं। सब सुना, चुप रहे। फिर बोले, “ठीक है, वहां मत जाना। लेकिन हम जवाब देंगे, पर अपनी तहजीब में।”

विकास ने पड़ोसी ललन से बाइक ली, बाजार गए, और मिठाई का एक बड़ा डिब्बा लेकर लौटे। चंदन को मिठाई देते हुए बोले, “खा लो बेटा, जितना मन करे। मगर अब वहां जाने की जरूरत नहीं।”

चंदन ने मिठाई की ओर देखा जो अब भी थाली में पड़ी थी—पहले वही मिठाई स्वप्न लग रही थी, अब वही त्याज्य हो गई थी। फिर उसने उस पंडाल की ओर देखा जहां उसके सपने सजे थे—सेवा करने के, बड़े लोगों की नजर में आने के। उसने एक लंबी सांस ली और गंभीर स्वर में कहा,

“पापा… मास्टर साहब हमेशा कहते हैं—जहां सम्मान न मिले, वहां कदम नहीं रखना चाहिए।”

चंदन के पिता विकास, जो गांव मे एक व्यवहारिक और सामाजिक दृष्टिकोण रखने वाले व्यक्ति, चुपचाप बेटे की बात सुनते रहे। कुछ क्षण सोचने के बाद उन्होंने दृढ़ता से कहा,

“सीमा, तुम्हारा दुख वाजिब है। मगर यह भी सोचो कि समाज का हर व्यवहार एक व्यक्ति विशेष का प्रतिबिंब नहीं होता। विवाह एक सामाजिक अवसर है, और उसमें जाना एक उत्तरदायित्व भी है।

हाँ, हम बारात में चलेंगे… मगर भोजन ग्रहण नहीं करेंगे। यह हमारा मौन विरोध होगा। सम्मान नहीं मांगते, मगर अपमान भी नहीं सहते।”

सीमा ने थोड़ी देर चुप रहकर सहमति में सिर हिलाया। चंदन के चेहरे पर एक नई परिपक्वता की रेखा उभर आई। वह समझ गया था—सम्मान के साथ जीना सिखाया जाता है, और विरोध भी गरिमा के साथ किया जाता है।

लेखक-सुनील बनारसी🙏🙏🙏🙏

Loading...