Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
19 Nov 2025 · 23 min read

कहानी: “मायके की रेखा”

कहानी: “मायके की रेखा”

(लेखक: सुनील बनारसी)

प्रस्तावना,

“मायके की रेखा” एक ऐसी आधुनिक ग्रामीण कथा है जो पारिवारिक भावनाओं, संचार के बदलते स्वरूप और स्त्री-मन के अंतर्द्वंद्व को बड़ी सादगी से उजागर करती है। कहानी के केंद्र में है — रेखा, एक शिक्षित, संवेदनशील और परंपरागत परिवेश में पली-बढ़ी युवती, जो विवाह के बाद मायके और ससुराल — दो दुनियाओं के बीच झूलती रहती है।रेखा अब केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक सीमा है — एक ऐसी रेखा जो अपने मायके की चौखट पार कर ससुराल की नई दुनिया में प्रवेश कर चुकी है। वह एक पल में बेटी से बहू बन गई, पर उसी पल उसके भीतर का संसार भी बदल गया। जहां पहले ममता और लाड़ का विस्तार था, अब जिम्मेदारियों और अपेक्षाओं की परिधि है। यह कथा उस अदृश्य रेखा की यात्रा है, जहाँ एक स्त्री अपने पुराने संस्कारों और नई परिस्थितियों के बीच स्वयं को पहचानने का प्रयत्न करती है। मां की शिक्षा, मोबाइल के माध्यम से जुड़े मायके के संवाद, और ससुराल की मर्यादाएं — ये सब मिलकर उसके भीतर एक द्वंद रचते हैं। पर धीरे-धीरे रेखा यह समझने लगती है कि जीवन की सबसे बड़ी सीख यह है कि रिश्तों की रेखाएँ बाहर नहीं, मन के भीतर खिंचती हैं। “मायके की रेखा” केवल एक स्त्री की कहानी नहीं, बल्कि उस जागृति की कथा है, जहाँ वह अपने अस्तित्व की परिभाषा स्वयं लिखती है। वह जान लेती है कि सीमाएँ पार करना कोई विद्रोह नहीं, बल्कि आत्मबोध की वह साधना है जो एक स्त्री को परिपक्व बनाती है — जो उसे “मायके की रेखा” से आगे बढ़कर “जीवन की रेखा” तक ले जाती है।—
यह कहानी केवल एक स्त्री की कथा नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति की कहानी है जो रिश्तों में संवाद, स्वतंत्रता और मर्यादा के बीच संतुलन खोज रहा है।
यह “मायके की रेखा” को “अपने जीवन की रेखा” बनाने की यात्रा है — आत्मबोध से आत्मनिर्णय तक।

लेखक: सुनील बनारसी,
7479468737

कहानी: “मायके की रेखा”

रूपचंदपुर गाँव की भोर बड़ी आत्मीय होती थी। सूरज की पहली किरण जब कच्ची दीवारों पर पड़ती, तो आँगन और घर के आँगन में हल्की उजास फैल जाती। बैरहन के पेड़ पर कोयल बोलती और गाँव की गलियों में हल्की हलचल और बच्चों की हँसी सुनाई दे रही थी।
रामसेवक का घर गाँव के बीचोंबीच था। सादा, लेकिन अपनत्व और सच्चाई से भरा। रामसेवक स्वयं सादे स्वभाव के थे। माथे पर हल्की झुर्रियाँ, आँखों में संतोष की शांति। गाँव के लोग कहते, “रामसेवक तो भगवान भरोसे चलते हैं, उन्हें कोई चिंता नहीं।”

घर की मालकिन, शान्ति देवी, चालाक और निपुण गृहिणी थीं। उनके शब्द और व्यवहार हमेशा परिवार को एक सूत्र में बाँधते। उनका विश्वास था कि घर की औरतों की चुप्पी घर को बिखेर सकती है, इसलिए उन्होंने परिवार को समझदारी और नर्मी से चलाया।

उनकी बड़ी बेटी, रेखा,परिवार की लाड़ली थी।“गाँव की ही डिग्री कॉलेज से ग्रेजुएशन कर उसने अपनी पढ़ाई का सिलसिला पूरा किया था।। रूप-सौंदर्य में साधारण, पर स्वभाव में कोमल और शिक्षित। गाँव की औरतें जब उससे मिलतीं, उसकी बोली में शहद की मिठास और गाँव की सादगी दोनों पातीं।

शान्ति देवी अक्सर कहतीं, “पढ़-लिख गई है बिटिया, अब इसका घर बसा दें, बस यही मनोकामना है।” रामसेवक भी यही सोचते थे, लेकिन अच्छे घर का रिश्ता मिलना आसान नहीं था। गाँव की सीमाएँ और परंपरा पिता की चिंता बढ़ा देते थे।

रेखा का भाई शंकर शांत और सरल स्वभाव का युवक था। खेत और छोटे-मोटे काम में हाथ बंटाता। उसकी पत्नी गीता पूरे घर की धुरी थी। बोलचाल में मिठास और आचरण में सहजता। वह घर की छोटी-बड़ी समस्याओं को संभालती, रेखा का मन बहलाती और शंकर के साथ खेत तक जाती।

सबसे छोटी सदस्य थी नैना, चंचल और नटखट। हमेशा सवाल और हँसी में मग्न रहती। मोबाइल उसके लिए किसी खिलौने से कम नहीं था। वह अक्सर कहती, “दीदी, जब तेरी शादी होगी न, मैं हर बात मोबाइल पर बताऊँगी!”
रेखा हँसकर कहती, “अरे पगली, शादी के बाद मोबाइल कौन चलाने देगा?”

रेखा की शादी के लिए गाँव में चर्चा चल रही थी। कई रिश्तों की तलाश के बाद पाँच महीने की खोजबीन के बाद गुड्डू नामक युवक मिला। पास के कस्बे में बिजली विभाग में काम करता था। सादा, लेकिन स्वाभिमानी। रामसेवक और शंकर जब वहाँ पहुँचे तो उन्हें लगा, “यही रिश्ता ठीक रहेगा।”

शान्ति देवी ने भी सहमति दी, पर अपनी चालाक नज़र से सब तौलमाप लिया। वह सोच रही थीं, “लड़का ठीक है, पर ज़रूरत से ज़्यादा भरोसा मत कर लेना।”
रिश्ता तय हुआ और कुछ लेन-देन भी हुए। गाँव में बधाइयाँ शुरू हो गईं, और रेखा की आँखों में सपनों की चमक उतर आई।

रेखा के घर में केवल एक कीपैड वाला मोबाइल था, जो शंकर के पास था। रामसेवक के पास कोई फोन नहीं था। शान्ति देवी सोच रही थीं, “अब तो जमाना मोबाइल का है, अब जमाना ऐसा है कि बिटिया कहीं भी जाए, समाचार पाने और खबर देती रहने के लिए मोबाइल रखना जरूरी है, माँ ने सोचते हुए मन ही मन कहा।”उन्होंने मन में ठान लिया कि रेखा की विदाई में एक स्मार्टफोन दिया जाएगा, जिससे माँ-बेटी का रिश्ता दूर होते हुए भी पास बना रहे।
अब तो अगुआ के जरिए गुड्डू को रेखा के घर वाला मोबाइल नंबर मिला। थोड़े संकोच के साथ उसने पहली बार फोन किया।
नैना ने फोन उठाया और हँसते हुए रेखा तक बात पहुँचाई।
“दीदी, फोन कर रहे हैं।“
रेखा की आवाज़ गुड्डू तक पहुँची। हल्की-फुल्की बातें हुईं, नैना बीच में मज़ाक करती रही।
“दीदी, ध्यान रहे, जीजू बोलो मत, सीधे बातें करो।”
गुड्डू और रेखा हँस पड़े। नैना जानती थी कि कब फोन आएगा, और हमेशा समय से पहले तैयार रहती। इस तरह मोबाइल और नैना के माध्यम ने संकोच को तोड़ते हुए रिश्ते को धीरे-धीरे मजबूत किया।
—शादी का दिन आया। गाँव में उत्सव और हलचल थी। ढोलक की थाप, रंग-बिरंगे झंडे, रिश्तेदारों का आगमन। रेखा अपने छोटे-छोटे गहनों और सादगी में बेहद आकर्षक लग रही थी। शान्ति देवी ने उसे जाते हुए देखते हुए कहा, “बिटिया, फोन से रिश्ता मजबूत रखना, दूर रहकर भी पास बने रहना।”
रेखा ने हल्की मुस्कान दी और फोन अपने पल्लू में सँभाला।

छोटी नैना बार-बार खिसककर फोटो खींच रही थी।
“दीदी, देखो, तुम कितनी सुंदर लग रही हो!”
रेखा हँस पड़ी, “बस कर नैना, सास देख लेगी तो कहेगी, शादी से पहले ही हँसी ठिठोली।”

ससुराल पहुँचने पर रेखा को नए माहौल का सामना करना पड़ा। कैलाशी देवी, सास, ने उसे स्वागत किया। देवर गौरव ने हल्की हँसी-मज़ाक में कहा, “भाभी, अब तो हमारे घर में भी स्मार्टफोन आ गया!”
रेखा मुस्कुराई और फोन को संभालते हुए बोली, “हाँ, अम्मा की दी हुई चीज़।”

पहली रात, रेखा ने मोबाइल वाइब्रेट होते देखा — नैना का संदेश था, “दीदी, पहुँच गई? खाना मिला क्या?”
रेखा ने उत्तर दिया, “सब ठीक है, बस अभी पैर नहीं धोने दिया, अम्मा नाराज़ होंगी।”

थोड़ी देर बाद शांति देवी का कॉल आया —
“बिटिया, ससुराल में सब ठीक तो?”
“हां, अम्मा, सब अच्छा है।”
“ठीक है, पर घर देखकर बताना।”
रेखा ने सिर हिलाया।

दिन बीतते गए, मोबाइल की टनटन हर वक्त गूँजती रही। नैना की जिज्ञासा, माँ की चिंता और ससुराल की अनजान भावनाओं के बीच रेखा दो दुनियाओं के बीच झूलती रही।
समय बीतता गया। रेखा अब अपने घर की बहू बन चुकी थी। पति गुड्डू का सहयोग और समझ दोनों उसके जीवन में स्थिरता बनाए रखते थे। घर में दिनचर्या चल रही थी, सब अपने-अपने काम में लगे हुए थे। खुशियाँ छोटी-छोटी बातों में बसती थीं।

परंतु एक आवाज़ लगातार गूँजती थी—मोबाइल की घंटी। हर रिंगटोन उसके लिए एक नई सूचना, एक नया संदेश लाती। रेखा प्रतिक्षण अपनी मां से बातें साझा करती—आज घर में क्या बना, क्या बिगड़ा, कौन क्या कह रहा है।

शांति देवी का नजरिया हमेशा विपरीत रहता। मां की दृष्टि में रेखा ससुराल में राजकुमारी थी, और सभी लोग वहाँ उसके पालनहार, उसकी आज्ञाकारी। मां छोटी-छोटी घटनाओं को भी बड़ा बना देतीं, उदाहरण देतीं, बतातीं कि ऐसा कहना है, वैसा करना है।

तीन दिन से सब्जी केवल लौकी की बन रही थी। रेखा जानती थी कि मजबूरी परिस्थितियाँ हैं, पर उसे यह समझ नहीं आती कि मायके की बातें और सीख उसे कैसे प्रभावित कर रही हैं। धीरे-धीरे छोटी-छोटी बातों से देवर गौरव के साथ अनबन भी होने लगी।

हर बार कोई नया मुद्दा आता—गुड्डू के व्यवहार को लेकर, ससुराल की छोटी-छोटी बातें, फिर मां के सलाहों का प्रभाव। रेखा अपने मस्तिष्क में अब पूरी तरह से मां की रंगतों में रंग चुकी थी। उसका स्वभाव, उसका विचार, उसकी प्राथमिकताएँ—सब मां के अनुभवों और दृष्टिकोण में ढल गई थीं।

एक दिन दोपहर का समय था।
आँगन में धूप बिखरी थी और रेखा बरामदे में बैठी मोबाइल पर झुकी हुई थी।
स्क्रीन पर उसकी मां का संदेश चमक रहा था —

“रेखा, कल क्या हुआ सास से?नैना ने बताया मुझे कुछ कहा था?”

रेखा जवाब टाइप करने ही वाली थी कि पीछे से सासू मां, कैलाशी देवी, आ गईं।
हाथ में सब्ज़ी की टोकरी और माथे पर हल्की शिकन थी।

कैलाशी देवी:
“रेखा, ज़रा इधर आओ तो… ये सब्ज़ी देखो, कब से काटने को रखी है।
दिनभर मोबाइल में आंख गड़ाए रहती हो, कोई काम की सुध नहीं।”

रेखा:
(धीरे से, पर तर्क देते हुए) “मांजी, बस दो मिनट… मां को फोटो भेज रही हूँ अचार की।
वो पूछ रही थीं कि कैसा बना।”

कैलाशी देवी:
(कटाक्ष में) “हां, अचार ही नहीं, घर की हर बात भी भेज देती हो!
सुना है, जो बात यहाँ होती है, कल मायके में सबको पता चल जाती है।
बिटिया, घर की बात अगर चौपाल में घूमने लगे तो घर घर नहीं रहता।”

रेखा:
(थोड़ी नाराज़गी से) “ऐसी बात नहीं मांजी, मैं किसी की बुराई नहीं करती।
बस मां को बताती हूँ कि कैसा चल रहा है।”
कैलाशी देवी:
“चल रहा है या बिगड़ रहा है, ये तो अब सबको मालूम है!
रिश्ते में मिठास कम हो जाए तो उसे बातों से नहीं, व्यवहार से सुधारा जाता है।
मोबाइल से नहीं, मन से जोड़ना पड़ता है।”

रेखा का चेहरा उतर गया।
उसे लगा जैसे मांजी हर बात का ताना उसकी मां को दे रही हैं।
वह उठी, मोबाइल को मेज़ पर पटक दिया।

रेखा:
(धीरे, पर गुस्से में) “ठीक है मांजी, अब किसी से कुछ नहीं कहूँगी।
ना फोन करूँगी, ना फोटो भेजूँगी।
आप ही संभाल लीजिए सब। मैं क्या समझती हूँ?”

कैलाशी देवी:
(थोड़ा नरम पड़ते हुए) “अरे बिटिया, मैंने तो बस समझाने के लिए कहा…”

पर रेखा ने सुनना बंद कर दिया।
वह कमरे में चली गई, पर्दा गिरा दिया।

आँगन में कुछ देर सन्नाटा छाया रहा।
कैलाशी देवी ने सांस ली —
“नई पीढ़ी है, बात दिल पर ले लेती है…”
भीतर कमरे में रेखा पलंग पर बैठी थी, आँखें नम थीं।
उसे लगा — “शायद मांजी मुझे समझती नहीं।
”मोबाइल अब उसके जीवन का सबसे बड़ा प्रभाव बन चुका था। दिनभर वही फोन, वही संदेश। घरेलू काम, अपने पति की बातें, अपने घर की वास्तविकता—सब पीछे रह गया। स्थिति जटिल होती गई। सांसें, पति, ससुराल, पड़ोस—सब नाराज़, और केवल मोबाइल की घंटी ही जीवन का केंद्र बन गई।

सुबह का उजाला धीरे-धीरे बाजार की गलियों में उतर रहा था। रेखा अपने पति गुड्डू के साथ किराने का सामान लेने निकली थी। रास्ते में फूलों की दुकान के पास से गुजरते हुए उसकी नजर सामने पड़ी—
वहीं, पीपल के वृक्ष के नीचे बैठी एक मुस्कुराती हुई महिला।
चेहरा जाना-पहचाना, पर वर्षों से न देखा था।

रेखा ठिठक गई—
“अरे! ये तो मेरी गृह विज्ञान की शिक्षिका… श्रीमती मृदुला मैम !”

रेखा की आवाज सुनकर शिक्षिका ने सिर उठाया।
मुस्कुराई—वही स्नेहभरी मुस्कान, जो रेखा ने कॉलेज के दिनों में सैकड़ों बार देखी थी।

गुड्डू ने आगे बढ़कर उनके पैर छुए—
“नमस्ते मॅडम, आप दोनों बातें कीजिए, मैं कुछ सामान लेकर आता हूँ।”

गुड्डू चला गया, और दोनों स्त्रियाँ पीपल के नीचे बने स्वच्छ चबूतरे पर बैठ गईं।
हवा ठंडी थी, पत्तों की सरसराहट में एक अजीब-सी शांति थी।
“मैम जी!” रेखा ने खुशी से फुसफुसाते हुए कहा।

उसकी गृह विज्ञान की शिक्षिका, श्रीमती मृदुला, मुस्कुराईं। रेखा के पति गुड्डू ने तुरंत अभिवादन किया। उसने विनम्रता से शिक्षिका से कहा,
“आप दोनों इस पीपल के नीचे बैठकर बात करें। हम थोड़ी देर कुछ काम करके आ रहे हैं।”

रेखा ने मैम का हाथ थामते हुए कहा, “जी, मैम जी, यहाँ बैठें। यह छाया और हवा बहुत सुकून देती है।”

पीपल के वृक्ष के नीचे बिछा चबूतरा ठंडक और स्वच्छता का एहसास दे रहा था। ठंडी हवा रेखा के चेहरे को सहला रही थी। वह धीरे-धीरे बैठ गई और मैम जी भी उसके पास बैठीं।

रेखा ने अपनी आँखें बंद की और सांस भीतर खींचते हुए महसूस किया कि जैसे यह जगह उनके मन की उलझनों को भी ठंडी हवा में बहा दे रही है। वृक्ष की छाया में बैठे हुए, वातावरण में शांति और गहनता थी।

“आज यहाँ आकर आपसे बात करना…” रेखा ने धीरे-धीरे कहा, “…ऐसा लगता है जैसे मन के सारे भार हल्के हो गए हों।”

श्रीमती मृदुला ने हल्की मुस्कान के साथ कहा, “यही तो जीवन की गहराई है, रेखा। कभी-कभी बस ठहरकर, शांत होकर विचार करना ही समाधान की राह दिखा देता है।”

रेखा ने मैम जी की ओर देखा, और दोनों पीपल की ठंडी छाया में बैठकर, धीरे-धीरे जीवन, विचार और संतुलन पर बातें करने लगीं। हवा में हल्की ठंडक और पत्तियों की सरसराहट उनके संवाद को और भी गहरा बना रही थी।

रेखा: (थकी हुई सी, पीपल के नीचे बैठते हुए) “आह… आज बहुत लंबा दिन रहा। थोड़ा आराम कर लूँ, फिर बात करेंगे।”

श्रीमती मृदुला: (मुस्कुराते हुए) “रेखा, बैठो, हवा ठंडी है और यहाँ का वातावरण मन को सुकून देता है। तुम थकी हुई लग रही हो। पहले अपने आप को थोड़ा आराम दो, फिर बातचीत करेंगे।”

रेखा: “जी, मैम जी… सच कहूँ तो मन भारी है। मायके और ससुराल के बीच मैं खुद को कहीं खोती महसूस कर रही हूँ।”

श्रीमती मृदुला: “मैं समझ सकती हूँ। बताओ, सबसे पहले तुम्हारे मन में क्या चिंता है?”

रेखा: “माँ… मैं हर छोटी-सी बात अपने मायके में साझा कर देती हूँ। ससुराल में जो भी उलझन होती है, मैं तुरंत उन्हें बताती हूँ। लगता है जैसे मेरा हर निर्णय उनके हाथों में चला गया है। लेकिन अगर मैं अपने विचारों में स्वतंत्रता लाऊँ, तो कहीं परिवार के बीच दरार न पड़ जाए।”

श्रीमती मृदुला: “रेखा, सोचो, परिवार और रिश्ते मोबाइल और संदेशों में बंधे नहीं हैं। तुम अपनी मानसिक स्वतंत्रता को क्यों एक डिजिटल डोर में बाँध रही हो? तुम्हारे निर्णय, तुम्हारा जीवन, तुम्हारा अधिकार है। किसी की मानसिक गुलामी मत बनो।”

रेखा: “लेकिन माँ की आदतें इतनी गहरी हैं, मैं उनसे अलग कैसे रहूँ? अगर मैं उनकी हर बात से अलग रहूँगी, तो उन्हें बुरा लगेगा। और ससुराल वाले भी…”

श्रीमती मृदुला: “रेखा, सुनो… तुम्हारी माँ और ससुराल वाले अलग-अलग हैं। तुम्हें हर किसी की सोच में खुद को ढालने की जरूरत नहीं। तुम्हारी जिम्मेदारी है कि घर में संतुलन बनाए रखो, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि तुम अपनी सोच को छोड़ दो।”

रेखा: “समझ तो रही हूँ, मैम जी… लेकिन जब मोबाइल पर माँ लगातार बात करती हैं, हर बात का अपडेट चाहती हैं, मैं थक जाती हूँ। फिर भी जवाब देती रहती हूँ, ताकि उनका मन न दुखे।”

श्रीमती मृदुला: “ठीक है, सोचो… मोबाइल सिर्फ सूचना का माध्यम है, जीवन का निर्धारण नहीं। अगर तुम हर बात साझा करोगी, हर छोटी अनबन की खबर तुरंत भेजोगी, तो घर की शांति और संतुलन टूट जाएगा। कभी-कभी ‘ना’ कहना भी जरूरी है, यह मत भूलो। तुम्हारे निर्णय तुम्हारी स्वतंत्रता की पहचान हैं।”

रेखा: (धीरे-धीरे मुस्कुराते हुए) “तो इसका मतलब है कि मुझे अपनी सीमाएँ तय करनी होंगी, मोबाइल के माध्यम से माता-पिता को हर बात बताने की जरूरत नहीं।”

श्रीमती मृदुला: “बिलकुल। सीमाएँ तय करो, अपने निर्णयों के लिए जिम्मेदार बनो। और याद रखो, ससुराल में तुम्हारा परिवार तुम्हारी सोच और समझ को भी महसूस करता है। यदि तुम मानसिक स्वतंत्रता और पारिवारिक प्रेम के बीच संतुलन बनाए रखोगी, तो घर में सुख और शांति बनी रहेगी।”

रेखा: “जी मैम जी… मुझे अब समझ आ रहा है। मुझे अपनी मानसिक स्वतंत्रता खोई नहीं देनी है। माँ के साथ संबंध प्यार का रहेगा, लेकिन अपने निर्णय भी मेरे अपने होंगे।”

श्रीमती मृदुला: “सही कहा, रेखा। यही जीवन की समझ है—प्यार और सम्मान के साथ स्वतंत्रता का संतुलन। याद रखो, कभी भी दूसरों की सोच तुम्हारे निर्णयों को नियंत्रित न करे।”

रेखा: (धीरे-धीरे खड़ी होती है, पीपल की छाया में साँस लेती हुई) “धन्यवाद, आचार्य जी। आज आपने मेरे मन की उलझनें साफ़ कर दीं। अब मुझे अपने कदम आत्मविश्वास से उठाने हैं।”

श्रीमती मृदुला: “जाओ, रेखा। अपनी राह खुद चुनो, और याद रखो, सच्चा प्रेम कभी स्वतंत्रता को रोकता नहीं।”
रेखा: (धीरे-धीरे सांस लेते हुए) “मैम जी… मुझे समझ आ रहा है कि अपनी मानसिक स्वतंत्रता बनाए रखना जरूरी है। लेकिन माँ के विचार… वे इतने पुराने जमाने के हैं। क्या मुझे उनके विचारों का पालन बिल्कुल नहीं करना चाहिए?”

श्रीमती मृदुला: “रेखा, तुम्हारी मां के खयालात पुराने जमाने के हैं, और समय के अनुसार होंगे। प्रत्येक व्यक्ति अपने दौर के हिसाब से ही सोचता, समझता है। चीजों को देखा है, अनुभव किया है, और हर व्यक्ति दार्शनिक नहीं हो सकता। वस्तुतः हमें किसी भी विचार या सोच को इतना गहराई से आत्मसात नहीं करना चाहिए कि हमारी खुद की पहचान ही विलीन हो जाए।”

रेखा: “लेकिन अगर मैं उनकी बातों को अनदेखा कर दूँ, तो कहीं उनके दिल को चोट न पहुँच जाए।”

श्रीमती मृदुला: “समझो रेखा, किसी के विचारों को उतना ही आत्मसात करो जितना कि तुम्हारे विचार विलीन न हों। यदि ईश्वर की यही इच्छा होती कि सब लोग एक ही व्यक्ति के अनुसार चलें, तो दुनिया में स्वतंत्रता और सृजन की कोई जगह ही नहीं होती। हर व्यक्ति को सोचने, समझने और कुछ नया निर्माण करने की क्षमता मिली है। तुम्हें अपनी क्षमता को समझना होगा।”

रेखा: “तो इसका मतलब है कि मैं अपने विचारों को विकसित कर सकती हूँ, बिना किसी के दबाव में आए?”

श्रीमती मृदुला: “बिलकुल। सोचो, रेखा… यदि तुम नारी के रूप में समझदार और विचारशील नहीं बनोगी, तो नई सृष्टि की हर पीढ़ी पर इसका असर पड़ेगा। नारी ही जीवन को गर्भ में रखती है, जन्म देती है, और भविष्य की पीढ़ियों का आधार है। यदि हमारी सोच, विचार और समझ सही नहीं होगी, तो आने वाले समय में पीढ़ियाँ विखंडित होती रहेंगी, और यह दुखों का कारण बन सकता है।”

रेखा: (धीरे-धीरे हाथ जोड़ते हुए) “तो इसका मतलब है कि मेरी सोच, मेरे निर्णय और मेरी समझ केवल मेरे लिए ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जिम्मेदारी है।”

श्रीमती मृदुला: “सही कहा। जीवन दर्शन यही है—प्रत्येक व्यक्ति अपनी सोच, समझ और कार्यक्षमता से न केवल अपना मार्ग निर्धारित करता है, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों की दिशा भी तय करता है। इसलिए रेखा, तुम्हें चाहिए कि अपने भीतर संतुलन बनाओ—माँ के विचारों का सम्मान करो, लेकिन अपनी स्वतंत्र सोच को कभी न खोओ। यही सच्चा जीवन दर्शन है।”

रेखा: “मैम जी… अब मुझे महसूस हो रहा है कि मुझे अपने निर्णयों में आत्मविश्वास रखना होगा। मेरी सोच ही नई सृष्टि की नींव होगी।”

श्रीमती मृदुला: “याद रखो, रेखा… ज्ञान, समझ और विवेक ही सृजन का मूल है। यदि तुम्हारे विचार स्पष्ट और संतुलित होंगे, तो घर, परिवार और आने वाली पीढ़ियाँ सुखी और सशक्त रहेंगी। जीवन दर्शन का यही मूल तात्पर्य है—अपने विचारों और निर्णयों की जिम्मेदारी समझो, और उसे सृजन के लिए प्रयोग करो।”

रेखा: (धीरे-धीरे खड़ी होती है, पीपल की छाया में आँखें बंद कर हवा में साँस लेती हुई) “धन्यवाद, मैम जी। अब मैं जानती हूँ कि मेरी स्वतंत्र सोच केवल मेरी नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए भी ज़रूरी है। मैं इसे खोने नहीं दूँगी।”

श्रीमती मृदुला: “जाओ, रेखा। अपनी राह खुद चुनो, सोचो, समझो और सृजन करो। यही जीवन की सच्ची साधना है।”

रेखा: “मैम जी… आपने नारी के दृष्टिकोण से जीवन और सृजन की जिम्मेदारी बताई। लेकिन क्या यह केवल महिलाओं के लिए ही लागू होता है?”

श्रीमती मृदुला: “नहीं, रेखा। पुरुष भी कभी-कभी अपने विचारों और इच्छाओं को दूसरों पर थोपते हैं। वह जो बनना चाहते हैं, अपने जीवन में वह बन नहीं पाते, तो अपने बच्चों पर दबाव डालते हैं कि वे वही बनें। इससे बच्चे का मानसिक संतुलन बिगड़ता है, परिवार में उथल-पुथल होती है और अनेक समस्याओं को जन्म देती है। सोचो, यदि बच्चा अपनी इच्छानुसार बन नहीं पाता, तो भविष्य की पीढ़ी किस मानसिक स्थिति में बढ़ेगी?”

रेखा: “तो यह केवल नारी या पुरुष का सवाल नहीं है, बल्कि संतुलन का सवाल है?”

श्रीमती मृदुला: “बिलकुल। जीवन का मूल यही है—संतुलन बनाना। नारी और पुरुष दोनों ही अपने भीतर सोच, विचार और निर्णय की स्वतंत्रता रखते हैं। यदि वही संतुलन किसी बच्चे पर दबाव बनाकर खो दिया जाए, तो सृजन और भविष्य की नींव कमजोर हो जाती है। संतुलन वह सूत्र है जो परिवार, समाज और पीढ़ियों को सशक्त बनाता है।”

रेखा: “लेकिन मैम जी… यदि हर व्यक्ति अपनी सोच को दबाए बिना चले, तो कहीं परिवार में संघर्ष न बढ़ जाए?”

श्रीमती मृदुला: “संघर्ष होना स्वाभाविक है, रेखा। लेकिन यह संघर्ष विनाशकारी नहीं होना चाहिए। इसका मतलब है कि हर व्यक्ति—नारी या पुरुष—अपने विचारों को समझदारी और विवेक के साथ प्रस्तुत करे, दूसरों की स्वतंत्रता का सम्मान करे। यही जीवन दर्शन है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता और सोच के अनुसार निर्णय करे, लेकिन दूसरों की स्वतंत्रता का उल्लंघन न करे।”

रेखा: “तो मतलब यह कि मेरे माता-पिता और मेरे जीवनसाथी दोनों ही मुझे मार्गदर्शन दे सकते हैं, लेकिन मुझे अपने निर्णय लेने का अधिकार होना चाहिए।”

श्रीमती मृदुला: “सही कहा। यही जीवन का तात्पर्य है—अपने भीतर और अपने आसपास संतुलन बनाए रखना। जब नारी और पुरुष दोनों संतुलित होंगे, तभी घर, समाज और आने वाली पीढ़ियाँ सुखी और सशक्त रहेंगी। जीवन का दर्शन यही सिखाता है कि विचारों, इच्छाओं और निर्णयों का संतुलन ही सच्ची स्वतंत्रता और सृजन की नींव है।”

रेखा: “समझ गई, मैम जी। न केवल महिलाओं, बल्कि पुरुषों के लिए भी संतुलन जरूरी है। और इसी संतुलन से परिवार, समाज और पीढ़ियाँ सशक्त बनती हैं।”

श्रीमती मृदुला: “याद रखो, रेखा… जीवन केवल अपने लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जिम्मेदारी है। विचारों का संतुलन ही जीवन की सच्ची साधना है। नारी और पुरुष दोनों को अपने भीतर और परिवार में यह संतुलन बनाना सीखना होगा। यही जीवन दर्शन की गहराई है।”

रेखा: (धीरे-धीरे खड़ी होती है, पीपल की छाया में आँखें बंद कर हवा में साँस लेती हुई) “धन्यवाद, आचार्य जी। अब मैं जानती हूँ कि मेरे विचार, मेरे निर्णय और मेरा संतुलन केवल मेरे लिए नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए भी जिम्मेदारी है। मैं इसे खोने नहीं दूँगी।”

श्रीमती मृदुला: “जाओ, रेखा। अपनी राह खुद चुनो, सोचो, समझो और संतुलन बनाकर सृजन करो। यही जीवन की सच्ची साधना और दर्शन है।”

आज रेखा पीपल के वृक्ष के नीचे बैठी थी और मैम जी की बातें सुन रही थी। आज उसके मन-मस्तिष्क में कुछ अलग ही अनुभव हो रहा था। जैसे वह बचपन में गृह विज्ञान की कक्षा में सर्वोच्च अंक पाने के लिए मेहनत करती थी, और आचार्य जी उसे शाबाशी देती थीं, उसकी समझ बढ़ाती थीं, उसे सहारा देती थीं—ठीक वैसे ही आज वह महसूस कर रही थी।

लेकिन यह केवल स्कूल की पढ़ाई नहीं थी। यह जीवन का गृह विज्ञान था। वह हर विषय को समझती थी—जैसे व्यंजन बनाना, कपड़े सिले, घर की व्यवस्था करना—ठीक वैसे ही आज उसने जीवन को व्यवस्थित करना, अपने मन, अपने विचार, अपने परिवार और अपने समाज के साथ संतुलन बनाना सीख लिया।

रेखा के लिए शिक्षिका के शब्द अब जैसे एक व्याख्यान बन गए थे, जिसमें हर सूत्र, हर नियम और हर अभ्यास का अर्थ था। उसकी आँखों के सामने जीवन की गहनता, सामाजिक जिम्मेदारी और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के पाठ समाहित हो गए थे।

श्रीमती मृदुला भी प्रसन्न थीं। वह देख सकती थीं कि उसका शिष्य केवल ज्ञान नहीं पा रहा, बल्कि जीवन को समझ रहा था। जैसे किसी गृह विज्ञान के अभ्यास में कोई कढ़ाई पर ध्यान देता है और स्वाद, रंग और बनावट से संतुष्टि पाता है, वैसे ही रेखा ने अपने जीवन के विषय में संतुलन और विवेक से समझ पाई कि जीवन में हर निर्णय, हर विचार और हर संबंध एक अलग व्यंजन की तरह है, जिसे संतुलन और समझ के साथ तैयार करना होता है।

शाम ढल चुकी थी।
गुड्डू लौट आया था, हाथों में कुछ सामान और चेहरे पर मुस्कान।
रेखा उठी, शिक्षिका के पैर छुए।

“मॅडम, आज आपने जो समझाया, वह शायद किसी किताब में नहीं था।”

मृदुला मुस्कुराईं—
“बेटी, किताबें गृह विज्ञान सिखाती हैं,
पर जीवन ही गृह का विज्ञान सिखाता है।”

रेखा ने सिर झुका लिया—
अब उसके मन में कोई भ्रम नहीं था,
बस एक गहरी शांति थी।
पीपल की पत्तियाँ झूम उठीं—
मानो हवा भी कह रही हो,
“अब रेखा ने अपने जीवन का असली गृह विज्ञान समझ लिया।”
उस क्षण रेखा ने यह भी समझा कि शिक्षिका ने उसे केवल ज्ञान नहीं दिया, बल्कि विचार, विवेक और सामाजिकता की समझ भी दी थी। यह ज्ञान उसकी पहचान, उसकी स्वतंत्रता और उसके परिवार की शांति का आधार बन गया। जीवन का वास्तविक गृह विज्ञान अब उसके लिए केवल विषय नहीं रहा—यह एक दर्शन, एक मार्ग और समाज के प्रति जिम्मेदारी बन गया था।

रेखा धीरे-धीरे मुस्कुराई। उसने मैम जी की ओर देखा—स्नेहपूर्ण, संतोषपूर्ण दृष्टि में। यह वही शिक्षक थीं, जिन्होंने उसकी पढ़ाई में मार्गदर्शन किया, लेकिन आज उन्होंने उसे जीवन की वास्तविक परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने का मार्ग दिखाया था।रेखा को यह समझ में आया कि उसका मायके और ससुराल दोनों अलग दुनिया हैं। मां का अनुभव उसका मार्गदर्शन कर सकता है, लेकिन उसकी पूरी जीवनधारा उस पर नहीं थोपनी चाहिए।

उसने तय किया—करवा चौथ का व्रत, बाजार की तैयारियाँ, मोबाइल की घंटियाँ—सब कुछ अब उसकी सोच के अनुसार होंगे। उसने मोबाइल को एक किनारे रख दिया। अब केवल वही संदेश, वही सूचना उसे मिलेगी जो उसके परिवार और अपने जीवन के लिए उपयोगी होगी।

अब रेखा ने तय किया—फोन केवल सूचना का साधन है, परिवार का विनाश नहीं। वह अपने पति, अपने घर, अपने ससुराल के रिश्तों की प्राथमिकता देगी। मोबाइल का अंधाधुंध प्रयोग छोड़कर, रिश्तों और प्रेम को स्थिर बनाएगी।

कई दिनों बाद नैना ने फिर फोन किया। रेखा ने बात की, पर अब वह अपने घर और परिवार के संतुलन को प्राथमिकता देती रही।

संध्या का समय है। रेखा बालकनी में खड़ी है, फोन उसके हाथ में है। नैना ने अभी-अभी कॉल मिलाकर गीता भाभी को फोन थमा दिया है।
रेखा के चेहरे पर हल्की झिझक है, पर भीतर कहीं एक सच्ची बात कहने की लालसा भी है।

रेखा: “भाभी नमस्ते… कैसी हैं आप?”

गीता: “अरे रेखा दीदी! कैसी हो तुम? बहुत दिनों बाद बात हो रही है। सब ठीक तो है?”

रेखा: “हाँ भाभी, सब ठीक है। बस… बहुत कुछ मन में था, जो आज कह देना चाहती हूँ। मां की कुछ बातें… उनके व्यवहार ने मन को उलझा दिया था। शायद मैं अनजाने में उन्हीं के असर में बहती चली गई।”

गीता: (हल्की साँस लेकर) “मैं समझ रही थी रेखा… मैं तो बहुत पहले से ही देख रही थी कि मां के प्रभाव से तुम थोड़ा बदल रही हो। पर परिवार में बड़ी बहू होने के नाते, और भाई के कारण, मैं चुप रही। डर था कि कहीं घर में कोई गलतफहमी न हो जाए।”

रेखा: “भाभी, मैं अब समझ पाई हूँ कि बातों का असर केवल शब्दों से नहीं होता, भावों से होता है। और जब भावों में कड़वाहट घुल जाए तो घर की मिठास चली जाती है।”

गीता: “सही कहा, रेखा। देखो, स्त्री का जीवन त्याग का दूसरा नाम है। यह त्याग कमजोरी नहीं, बल्कि परिवार की नींव है।
जिस दिन स्त्री अपने भीतर की त्याग की भावना खो देती है, उस दिन परिवार की डोर टूट जाती है। फिर न घर बचता है, न मन।”

रेखा: “भाभी, पर क्या त्याग हमेशा सही होता है? कभी लगता है कि औरों के लिए सब छोड़ते-छोड़ते खुद का अस्तित्व ही मिट जाता है।”

गीता: “त्याग का अर्थ अपने अस्तित्व को मिटाना नहीं है, रेखा…
त्याग का अर्थ है अपने भीतर के ‘अहम्’ को शांत करना।
स्त्री वही है जो खुद में स्थिर रहे और सबको जोड़कर रखे।
वह चाहे तो पूरे परिवार को गुलदस्ते की तरह सजा सकती है—हर फूल को अपनी जगह दे सकती है।
पर जब वही नारी दुखी हो जाए, उसका त्याग बोझ बन जाए, तब वही गुलदस्ता मुरझाने लगता है।”

रेखा: (धीरे स्वर में) “भाभी, लगता है आप सही कह रही हैं। मैं अपनी मां की बातों में उलझकर खुद के मन की बात भूल गई थी। अब समझ आया कि घर को जोड़ने के लिए त्याग तो चाहिए, पर विवेक भी साथ होना चाहिए।”

गीता: “बिलकुल रेखा।
त्याग में विवेक का साथ ही जीवन को सुंदर बनाता है।
स्त्री न केवल घर की सजावट है, वह उसकी आत्मा है।
और जब आत्मा शांत होती है, तभी घर में सुख बसता है।”

रेखा: “भाभी, आज मन हल्का हो गया।
ऐसा लग रहा है जैसे कोई भार उतर गया हो।
आपकी बातों ने मुझे भीतर तक छू लिया।”

गीता: “मुझे भी खुशी है, रेखा।
देखो, संवाद ही हर गलतफहमी की दवा है।
चुप्पी रिश्तों को कमजोर करती है, और बात करना उन्हें जोड़ता है।
तुम बस इतना याद रखना—परिवार तभी चलता है जब प्रेम और त्याग दोनों में संतुलन हो।”

रेखा: “जी भाभी… अब मैं यही संतुलन बनाए रखूंगी।
आपसे आज की बात मेरे लिए किसी जीवन-दर्शन से कम नहीं रही।”

गीता: “और यही तो गृह-जीवन का असली अर्थ है, रेखा।
घर केवल दीवारों से नहीं बनता, समझ और त्याग से बनता है।
और जब स्त्री उस समझ को सहेज लेती है, तो परिवार भी ईश्वर का घर बन जाता है।”

फोन के उस पार हल्की खामोशी छा गई थी।
रेखा की आँखों में एक नई चमक थी—जैसे किसी ने भीतर की गाँठ खोल दी हो।
हवा में जैसे शांति का स्पर्श था।
फोन कट गया, पर दोनों के दिलों में संवाद चलता रहा—
एक स्त्री से दूसरी स्त्री तक, एक जीवन से दूसरे जीवन तक।
फोन कट गया।
स्क्रीन पर “कॉल एंडेड” के शब्द चमके, पर रेखा के मन में संवाद अभी भी चलता रहा।
वह धीरे-धीरे कुर्सी पर बैठ गई। खिड़की के बाहर हवा में शाम की हल्की ठंडक थी। कहीं दूर कोई घर में दिया जल चुका था।

रेखा ने गहरी सांस ली—मानो कोई भार उतर गया हो।
उसके होंठों पर हल्की मुस्कान आई, लेकिन आँखें गीली थीं।

“भाभी ठीक कह रही थीं…” उसने मन ही मन कहा,
“स्त्री का त्याग कमजोरी नहीं, शक्ति है।
पर यह शक्ति तभी सार्थक होती है जब उसमें समझ और संतुलन हो।”

उसके भीतर मानो कोई नया द्वार खुल गया हो।
वह सोचने लगी—
“अब तक मैं संबंधों को निभाने के नाम पर खुद को मिटा रही थी,
और अपनी मां की छाया में इतना डूब गई थी कि अपने निर्णय, अपनी स्वतंत्रता भूल गई।
अब समझ आया कि जीवन में त्याग करना ही पर्याप्त नहीं,
त्याग के साथ विवेक भी चाहिए।
नहीं तो त्याग बोझ बन जाता है, और बोझ से प्रेम मर जाता है।”

हवा उसके बालों को सहला रही थी, जैसे प्रकृति भी उसके मन का बोझ हल्का कर रही हो।
उसने देखा—बालकनी के पास गुलदस्ता रखा था, जो थोड़ी देर पहले मुरझाया-सा लग रहा था।
रेखा ने उठकर उसमें पानी डाला।
पानी गिरते ही फूलों ने सिर उठा लिया।

रेखा मुस्कुरा दी।
उसे लगा जैसे ये फूल उसके मन की तरह हैं—
थोड़ी-सी समझ, थोड़ी-सी नमी मिले, तो फिर से खिल उठते हैं।

“त्याग में विवेक, प्रेम में संतुलन,
यही तो असली गृह विज्ञान है…”
वह धीरे से बुदबुदाई।

रेखा के मन में अब कोई उलझन नहीं थी।
वह जान चुकी थी कि मोबाइल की बातें, दूसरों के विचार,
मां की आदतें या ससुराल की परंपराएँ—
इन सबके बीच स्वयं की पहचान बनाए रखना ही जीवन की सच्ची कला है।

उसने फोन उठाया, और गीता को एक संदेश लिखा—

“भाभी, आज आपने मुझे जीवन का सबसे बड़ा पाठ पढ़ाया।
अब मैं किसी की छाया में नहीं, अपने विवेक के प्रकाश में जीना चाहती हूँ।”
इस निर्णय के साथ, रेखा ने मोबाइल की गुलामी से स्वतंत्रता पाई। उसने सीखा कि जीवन में सूचना महत्वपूर्ण है, पर रिश्तों, प्रेम और समझ का महत्व उससे कहीं अधिक है।

अब रेखा अपने घर की लकीर खुद बनाती है, मायके की रेखा नहीं। मोबाइल केवल एक साधन है, जीवन का केंद्र नहीं। उसका परिवार मजबूत है, रिश्ते सुरक्षित हैं, और वह अपने घर की रक्षा में सचेत है।

लेखक की कलम से –

रेखा अब अपने मायके की रेखा को पार कर चुकी है। वह उस सीमा से निकल चुकी है जो उसे अपने बचपन, अपनी मां और अपने पुराने घर से जोड़ती थी। अब वह ससुराल की रेखा में है, उस नए संसार में जहाँ उसकी पहचान, उसकी भावनाएँ और उसकी जिम्मेदारियाँ धीरे-धीरे आकार ले रही हैं। यह रेखा केवल दूरी का प्रतीक नहीं है, बल्कि जीवन की उन अदृश्य सीमाओं का प्रतीक है जो हर बेटी, हर बहू, हर महिला को अपने भीतर महसूस होती हैं।

आजकल रेखा मोबाइल की दुनिया में उलझी रहती है। हर संदेश, हर कॉल, हर संवाद उसे अपने मायके से जोड़ता है, परन्तु ससुराल की अपेक्षाएँ उसके सामने लगातार नई चुनौतियाँ खड़ी करती हैं। रेखा का मन दो दिशाओं में खिंचता है—एक ओर उसकी ममता और अपनेपन की लालसा, दूसरी ओर नई जिम्मेदारियों और स्वाभिमान का आग्रह।

मैंने यह कहानी इसलिए लिखा है कि रेखा जैसी बेटियाँ, बहुएँ और महिलाएँ हमारे आसपास जी रही हैं। उनके मन और जीवन में जो द्वंद और संतुलन की तलाश है, उसे देखना और समझना समाज के लिए जरूरी है। रेखा केवल एक पात्र नहीं है, वह हर उस महिला का प्रतिनिधित्व करती है जो अपने मायके और ससुराल के बीच अपनी पहचान बनाने की कोशिश करती है।

यह कहानी सरल शब्दों में कही गई जटिल भावनाओं की दास्तान है। इसमें कोई बड़ा नाटक नहीं, कोई भव्य संवाद नहीं—सिर्फ़ जीवन की सच्चाई, संवेदनाएँ और महिलाओं की अदम्य चाहत है कि वे अपने अस्तित्व को पूरी तरह महसूस कर सकें। रेखा की रेखा पार करना केवल भौतिक स्थान का परिवर्तन नहीं, यह उसकी आत्मा की यात्रा है, उसकी स्वतंत्रता और स्वाभिमान की यात्रा है।

सुनील बनारसी

© 2025 सुनील बनारसी — “मायके की रेखा”
सभी अधिकार सुरक्षित। कोई भी अंश बिना अनुमति के प्रकाशित या उपयोग नहीं किया जा सकता।

सुनील बनारसी

Loading...