Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
19 Nov 2025 · 2 min read

#लघुकथा-

#लघुकथा-
■ नेताजी का तुलादान।।
【प्रणय प्रभात】
अपने ख़ुद के पैसों से बंटवाई गई फूल मालाओं को स्वीकारते हुए छगन लाल आगे बढ़ रहे थे। इस जुलूस की मंज़िल था कस्बे का अगला तिराहा। जहां उन्हें अपने ही खर्चे पर केलों से तुलना था। आगे आगे चल रहे चार ढोल वाले पूरी दम लगा कर माहौल को गुंजा रहे थे। महीने भर से मुफ़्त की रोटी तोड़ रहे सीज़नल सपोर्टर गले के साथ गुर्दे फाड़ कर नारे लगा रहे थे।
दर्ज़न भर भाड़े के टट्टू नेताजी के गले से उतरने वाले हार आगे मिल रहे राहगीरों को थमाने में जुटे थे। जो लौट फिर कर नेता जी के गले को ठुड्ढी के ऊपर तक ढंक रहे थे। एकाध सैकड़ा लोग तिराहे पर बड़ी सी तराजू सजाए खड़े थे। जिनमें आधे से ज़्यादा पेशेवर प्रचारक थे। वो भी दूसरे कस्बे से भाड़े पर बुलाए हुए। जो यही तुलादान नेता छगन लाल के दोनों प्रतिद्वंद्वियों का भी संपन्न कराते अखबारों में छप चुके थे। बाक़ी लोग चाय-पकौड़ी का एहसान चुकाने के लिए भीड़ का हिस्सा बने हुए थे। जिनमें ज़्यादातर इसी इलाके के निवसी थे।
मौके पर रखे दर्ज़न भर से कुछ अधिक क्रेटों में अधपके से केलों के झुंड भरे थे। जिनसे छगन लाल की तुलाई होनी थी। अनगिनत बच्चे कथित तुलादान के बाद हाथ आने वाले केलों के चक्कर में बीते दो घण्टों से तिराहे पर जमा थे। जिन्हें पहले भी ऐसे कार्यक्रम में केलों और अमरूदों का स्वाद मिल चुका था।
जुलूस और जलसे के बीच चंद कदमों का फ़ासला बाक़ी था। पिछली बार जनादेश के मामले में दुर्गति का शिकार हो चुके छगन लाल के चेहरे पर हमेशा सी धूर्त मुस्कान थी। उनका तन-मन फूल-पत्तों से सजी तराजू के पलड़े में सवार होने को बेताब था। सड़क के इर्द-गिर्द दरवाज़ों और खिड़कियों से झांकते मतदाताओं पर उनका ध्यान कम क्या, था ही नहीं।
उनकी टकटकी पूरी तरह सामने से माला लेकर अपनी ओर बढ़ते लोगों पर लगी थी। जो “तेरा तुझको अर्पण, क्या लागे मेरा” वाले अंदाज़ में रस्म-अदायगी करते हुए भी कुछ माहौल तो बना ही रहे थे। आम जन से वोट देने की अपील भीड़ में शामिल पार्टी के आधा और परिवार के पौन दर्ज़न सदस्य करते चल रहे थे।
दूसरी ओर इन सबके बीच नज़ारों का मज़ा लेते आम मतदाताओं के मन में अमूमन एक ही सवाल था। सवाल बस यह कि जो आज “याचक” हो कर भी अकड़ छोड़ने को राज़ी नहीं, वो कल “दाता” बन कर क्या खाक़ भला करेगा? वैसे भी उनका अतीत और बीता हुआ कार्यकाल सब के ज़हन में था। वही कार्यकाल, जिसने 5 साल में उनका क़द और मद उनके वज़न की तरह चौगुना किया था। इस सच के मूक गवाह क्रेटों में भरे केले भी थे, जो इस बार पहले से तीन गुना अधिक थे। छगन लाल के वज़न का अनुमान लगाए बैठे चेले-चाटों की सोच के मुताबिक। “स्व प्रायोजित तुलादान” अब बस होने को ही था।
■ प्रणय प्रभात ■
●संपादक/न्यूज़&व्यूज़●
श्योपुर (मध्यप्रदेश)

Loading...