*रामपुर के रत्न भाग 2 का विमोचन डॉक्टर मनोज रस्तोगी के कर-कम
रामपुर के रत्न भाग 2 का विमोचन डॉक्टर मनोज रस्तोगी के कर-कमलों से
🍂🍂🍂🍂🍂🍂🍂🍂🍂
रामपुर, 16 नवंबर 2025 रविवार। रवि प्रकाश द्वारा लिखित पुस्तक रामपुर के रत्न भाग 2 का लोकार्पण साहित्यिक मुरादाबाद शोधालय के संस्थापक एवं प्रसिद्ध इतिहासकार डॉ मनोज रस्तोगी के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। अपने संबोधन में डॉक्टर मनोज रस्तोगी ने विभिन्न जनपदों में श्रेष्ठ महापुरुषों के जीवन चरित्र प्रकाश में लाने की आवश्यकता पर बल दिया
इस अवसर पर चंदौसी से पधारी कवयित्री डॉक्टर रीता सिंह तथा मुरादाबाद से पधारी कवयित्री श्रीमती मीनाक्षी ठाकुर का काव्य पाठ भी हुआ।
डॉ रीता सिंह ने ‘भारत वंदना’ शीर्षक से कविता प्रस्तुत की। इसकी पंक्तियां थीं :-
मैं भारत हूं, मैं भारत हूं। मैं युग-युग खड़ी इमारत हूं। मैं वेद पुराणों की गाथा। मैं भू का उन्नत-सा माथा।।
देश प्रेम की काव्य धारा श्रीमती मीनाक्षी ठाकुर के काव्य पाठ के द्वारा भी प्रवाहित हुई आपने कहा:-
मिटे देश की राह में जो, उनका अभिनंदन करती हूं।
मुरादाबाद से पधारे कविवर राजीव प्रखर ने अंत में एक मुक्तक प्रस्तुत करके मानो महफिल ही लूट ली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद रामपुर की भूतपूर्व सभासद श्रीमती नीलम गुप्ता ने की। आपने टैगोर काव्य गोष्ठी की परंपरा की सराहना की।
मुख्य अतिथि अग्रणी व्यापारी नेता एवं चिंतक शैलेंद्र कुमार शर्मा ने महान व्यक्तियों के जीवन से प्रेरणा लेने की दृष्टि से नवीन पुस्तक को सार्थक प्रकाशन बताया।
इस अवसर पर चालीस महान रत्नों में से डॉक्टर एच.एस. सक्सेना (डेंटल सर्जन), रमेश कुमार जैन (इतिहासकार), सय्यद नवेद कैसर (फारसी के विद्वान) तथा भारत भूषण जैन शोधकर्ता का अभिनंदन किया गया तथा उन्हें एक पुस्तक निशुल्क भेंट की गई। विष्णु शरण अग्रवाल सर्राफ अस्वस्थता के कारण उपस्थित नहीं हो सके। उनसे सुपुत्र विवेक कुमार अग्रवाल का अभिनंदन किया गया।
महापुरुषों के वंशजों के रूप में स्वतंत्रता सेनानी तथा भूदान नेता सुरेश राम भाई के पुत्र नारायण अग्रवाल तथा पुत्रवधू रेखा अग्रवाल गुडगांव से पधारे। पत्रकार राम रूप गुप्त के सुपुत्र ब्रज बिहारी दिल्ली से पधारे। स्वतंत्रता सेनानी रामकुमार बजाज के पौत्र विजय अग्रवाल, रियासत कालीन एमबीबीएस चिकित्सक रघुनंदन प्रसाद गोयल के सुपुत्र वीरेंद्र गोयल, रियासत कालीन राज ज्योतिषी पंडित राम रतन शर्मा के पौत्र अभय पाठक, भारत-विभाजन के भुक्तभोगी साहस के धनी रामलाल अरोड़ा के पुत्र महेंद्र कुमार अरोड़ा, सत्संग प्रेमी बृजवासी लाल भाई साहब के सुपुत्र सुधीर कुमार अग्रवाल, समाज सेवी शिव हरि गर्ग के भतीजे पंकज गर्ग, स्वतंत्रता सेनानी शंभू नाथ साइकिल वालों के पौत्र सुगंध कुमार सिंघल, रियासत-कालीन राज-कवि राधा मोहन चतुर्वेदी के सुपुत्र राम मोहन चतुर्वेदी, आध्यात्मिक उपलब्धियों के धनी राम निवास अग्रवाल (चावल वालों) के सुपुत्र विजय कुमार, हैदराबाद सत्याग्रही भूकन सरन आर्य की सुपुत्री सुमन गर्ग(पंजाब से पधारीं) तथा निकट संबंधी मुरादाबाद निवासी विनय मित्तल का भी कार्यक्रम में निशुल्क पुस्तकें भेंट करके अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन रवि प्रकाश ने किया।
साहित्यपीडिया/बुक फाइलो द्वारा प्रकाशित पुस्तक की गुणवत्ता की सभी ने प्रशंसा की। कार्यक्रम की देखरेख में डॉक्टर हर्षिता पूठिया, डॉक्टर रघु प्रकाश तथा डॉ रजत प्रकाश का योगदान मुख्य रहा।