Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
4 Nov 2025 · 2 min read

उठ गए देव..जरा सुनो!

व्यंग्य

उठ गए देव..जरा सुनो!

श्री हरि
आप जाग गए। अच्छा हुआ। कोई बता रहा था। आप चार माह सोते हो। ठीक है। सोना स्वास्थ्य के लिए बढ़िया है। हम इसका पालन करते हैं। खूब सोते हैं। “तुलसी उसे न उठाइए, जागत रहे जो सोय।”
श्रीमन!
सोशल मीडिया से पता चला, चातुर्मास चल रहे थे। चार महीने आप कुछ नहीं करते। योग निंद्रा में रहते हैं। शंकर जी काम संभालते हैं। वह भोले हैं। प्रशासक जब सीधा हो तो सब त्योहार मनाते हैं। हमने भी यही किया। चार महीने कोई काम नहीं किया। फुल मस्ती। त्योहार ही त्योहार।

हे जनार्दन!
आपके जागने का भी रहस्य है। आप जागते हो तो बस शादियां होती हैं। आबादी का खतरा बढ़ जाता है। वो समय और था। जब शादी का इंतजार होता था। अब तो…! जाने दो प्रभु।
गुड न्यूज सुनो । हम डेढ़ अरब होने जा रहे हैं।
कुछ दिन बाद जनसंख्या सर्वे भी शुरू हो जाएगा। इस बार जाति भी गिनी जाएंगी। आपके आशीर्वाद से हम फिर आगे बढ़ेंगे। नंबर एक।

हे प्रभु!
चातुर्मास को हम चातुर्यमास मानते हैं। बुद्धि, कौशल और चातुर्य में कोई हमसे आगे नहीं। याद कीजिए। गणेश जी ने कार्तिकेय को कैसे पछाड़ा?
हे स्वामी! इन चार महीनों में हमने नवाचार से बहुत काम किए। विपक्ष को ठिकाने लगा दिया। दिवाली बंपर कर ली। बिहार के भी रिजल्ट अच्छे आयेंगे। यूपी में तैयारी शुरू कर दी है। बंगाल में कुछ दिक्कत है। वो भी दूर हो जाएगी। हम सभी राज्यों में “देव दिवाली”करने निकले हैं। यह मिशन पूरा होगा। प्रभु, आशीर्वाद दो।

हे माधव !
आपके कॉरिडोर का काम चल रहा है। कुछ और बनने हैं। एक हम पब्लिक कॉरिडोर भी बना रहे हैं। चार महीने सोना मुफ्त। अब जब भी आप जागोगे, सब हरा भरा मिलेगा। आपकी यमुना में झाग नहीं होंगे। वह कल कल बहती मिलेगी। बैंड बाजों से आप डिस्टर्ब नहीं होगे। गुरु और शुक्र में पहले ही कॉन्टैक्ट हो जाएगा। बस, आप पेपर अप्रूव कर देना। यह मुश्किल नहीं है। आप ऑल रेडी यह काम कर रहे हैं।

सूर्यकांत
04.11.2025

Loading...