अपनी संतान में अच्छी संस्कार डालें
बेटा या बेटी होना काफी नहीं, अच्छा इंसान बनना ज़रूरी
हम एक ऐसे दौर में खड़े हैं जहां ‘फादर्स डे’ और ‘मदर्स डे’ जैसे विशेष दिन समाज में एक भावनात्मक चेतना पैदा करते हैं। इन दिनों के माध्यम से हम अपने माता-पिता के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हैं, उन्हें सार्वजनिक रूप से सम्मान देते हैं और परिवार के मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। लेकिन क्या कभी हमने सोचा है कि क्या बेटों और बेटियों के लिए भी एक विशेष दिन होना चाहिए? क्या रिश्ते सिर्फ ऊपर से देखने योग्य हैं, भीतर से नहीं? क्या बेटा या बेटी होना ही पर्याप्त है या फिर अच्छा बेटा/बेटी होना भी कोई मूल्य है? यह सोचने का समय है कि न केवल उत्सव के लिए, बल्कि एक ईमानदार सामाजिक आत्मविश्लेषण के लिए अब “बेटा-बेटी दिवस” की भी आवश्यकता है।
बेटा-बेटी होना: जन्म से परे एक नैतिक भूमिका
बेटा या बेटी होना सिर्फ जैविक नहीं, एक सामाजिक और नैतिक पहचान भी है। इतिहास और वर्तमान में ऐसे अनगिनत उदाहरण हैं जहाँ बेटों और बेटियों ने परिवार और समाज को गौरव दिलाया,उन्होंने सिर्फ अपने माता-पिता का नाम ही रोशन नहीं किया, बल्कि समूचे समाज को दिशा दी।
वहीं दूसरी ओर, ऐसे बेटों बेटियों की भी कमी नहीं जो अपने माता-पिता की उपेक्षा कर वृद्धाश्रमों की भीड़ बढ़ा रहे हैं, पारिवारिक संपत्ति के लिए झगड़े कर रहे हैं या माता-पिता की भावनाओं की हत्या कर चुके हैं। क्या समाज को यह नहीं सोचना चाहिए कि “बेटा-बेटी” का अर्थ केवल जन्म से नहीं, उनके कर्मों से तय होना चाहिए?
बिना समीक्षा के प्रेम अंधा होता है
भारतीय समाज में पुत्र-मोह एक गहरी सांस्कृतिक जड़ है। माता-पिता अपने बच्चों को देवता या देवी मानते हैं, उनके दोषों को छुपाते हैं और उनकी ग़लतियों को भी प्यार में ढक देते हैं। यह भावना पवित्र तो है, लेकिन जब विवेक का स्थान ले लेती है, तो यही मोह परिवारों को तोड़ देता है।
“बेटा-बेटी दिवस” इसी अंधे प्रेम पर एक रोशनी डाल सकता है। यह दिन एक ऐसा अवसर हो सकता है जब—
बेटों/बेटियों से पूछा जाए कि क्या उन्होंने माता-पिता के सपनों को सम्मान दिया?
उनसे पूछा जाए कि क्या उन्होंने अपने फैसलों में माता-पिता की गरिमा का ध्यान रखा?
और माता-पिता से भी पूछा जाए कि क्या उन्होंने बच्चों को अधिकार के साथ ज़िम्मेदारी भी सिखाई ?
यह दिन आदर्श के लिए नहीं, आत्ममंथन के लिए हो
हमें एक ऐसे दिन की ज़रूरत है, जो बच्चों को केवल फूल, गिफ्ट और सेल्फी का पात्र न बनाए, बल्कि आत्मचिंतन का विषय बनाए। स्कूलों में निबंध प्रतियोगिताएं हों—”मैं एक अच्छा बेटा/बेटी कैसे बन सकता/सकती हूँ?”, सामाजिक संस्थाओं में परिचर्चा हो—”क्या बच्चों की भूमिका का भी सार्वजनिक मूल्यांकन होना चाहिए?” और परिवारों में माता-पिता और बच्चों के बीच एक खुला संवाद हो—”हम अपने रिश्ते को और बेहतर कैसे बना सकते हैं?”
इस दिन को लेकर समाज को यह समझाना भी ज़रूरी होगा कि इसका उद्देश्य बच्चों को अपराधबोध देना नहीं है, बल्कि उन्हें एक विवेकशील नागरिक बनाने की दिशा में पहला कदम है।
रिश्तों की समीक्षा ही रिश्तों की रक्षा है
हम यह भूल जाते हैं कि समीक्षा से ही रिश्तों की गहराई बनती है। जब हम एक अच्छे बेटे या बेटी की परिभाषा गढ़ेंगे—सिर्फ संस्कार नहीं, बल्कि कर्म से—तभी एक संतुलित समाज बनेगा। अन्यथा हम सिर्फ माता-पिता को आदर्श बनाते रहेंगे और बच्चों को आलोचना से परे रखेंगे। इससे मोह तो बच जाएगा, पर समाज नहीं बच पाएगा।
मोह से आगे बढ़ें, विवेक से जुड़ें
बेटा-बेटी दिवस एक नई सोच की शुरुआत हो सकती है—जहां प्रेम के साथ जिम्मेदारी हो, रिश्ते के साथ समीक्षा हो, और पहचान के साथ आत्मबोध हो। इस दिन हम केवल अच्छे बच्चों को बधाई न दें, बल्कि अपने बच्चों से एक प्रश्न भी करें—“क्या तुमने अपने रिश्ते को निभाया, या केवल नाम भर का रिश्ता लेकर जीते रहे?”
यह एक दिन का उत्सव नहीं, एक पीढ़ी को दिशा देने वाला आंदोलन बन सकता है—यदि हम इसे केवल तारीखों तक सीमित न रखें, बल्कि सोच तक