अध्यापिका अनीता यादव का ग्लोबल रोल मॉडल अवार्ड के लिए चयन
शिक्षा, संस्कृति एवं समाजसेवा को समर्पित और नवाचारी जेबीटी शिक्षिका अनीता यादव को इस वर्ष ग्लोबल रोल मॉडल अवार्ड के लिए चुना गया है। यह सम्मान उन्हें 5 अक्टूबर 2025 को श्रीनगर (कश्मीर) में आयोजित होने वाले राह ग्रुप फाउंडेशन के इंटरनेशनल टीचर डे समारोह में प्रदान किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए सामाजिक संस्था राह ग्रुप फाउंडेशन के चेयरमैन नरेश सेलपाड़ ने बताया कि अनीता यादव वर्तमान में हथीन खंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जैनपुर में सेवारत हैं। उनका मानना है कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों की जिज्ञासा, रचनात्मकता और जीवन कौशल को विकसित करना ही असली शिक्षा है। इसी सोच के चलते वे अपने विद्यालय में लगातार नये प्रयोग करती रही हैं। चेयरमैन श्री सेलपाड़ के अनुसार अनीता यादव न केवल अध्यापन में बल्कि समाजसेवा में भी सक्रिय हैं। वे जरूरतमंद बच्चों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध करवाती हैं, सर्वे कार्यों में योगदान देती हैं और शिक्षा से वंचित बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का प्रयास करती हैं। उनके कार्यों को देखते हुए उन्हें बेस्ट टीएलएम अवार्ड, ग्रुरुग्राम की आवाज एफएम अवार्ड, ई-संचयन प्रशंसा प्रमाणपत्र, महर्षि विश्वामित्र गुरु सम्मान और भीमराव अंबेडकर ट्रॉफी जैसे कई सम्मान मिल चुके हैं।
———————
शिक्षा में नवाचार की मिसाल
जेबीटी अध्यापिका अनीता यादव ने कक्षा में बालगीतों, कहानियों और खेल-खेल में पढ़ाई की पद्धति को अपनाया है। वे बच्चों के लिए जटिल विषयों को सरल और रुचिकर ढंग से प्रस्तुत करती हैं। उनकी कक्षाओं में बच्चे पढ़ाई को बोझ नहीं बल्कि आनंद के रूप में लेते हैं। यही वजह है कि विद्यालय में नामांकन और उपस्थिति लगातार बढ़ रही है।
——————–
हरियाणवी संस्कृति की ध्वजवाहक
स्कूली बच्चों के प्रति समर्पित शिक्षिका अनीता यादव न केवल शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार ला रही हैं, बल्कि हरियाणवी संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे हरियाणा को जानो प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़ती हैं। हाल ही में उन्होंने सीसीआरटी, दिल्ली की 15 दिवसीय कार्यशाला में भाग लेकर हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर पहुंचाया है।
——————–
कश्मीर में सीखने का अवसर
ग्लोबल रोल मॉडल अवार्ड समारोह के दौरान अध्यापिका अनीता यादव को श्रीनगर के टॉपर्स स्कूलों का भ्रमण कराया जाएगा। वहाँ वे नई शैक्षणिक पद्धतियों, डिजिटल शिक्षण उपकरणों और गतिविधि-आधारित शिक्षण के मॉडल को समझेंगी। इस अनुभव को वे हरियाणा में लाकर बच्चों को और बेहतर शिक्षा देने का संकल्प रखती हैं।
——————–
समाज के लिए समर्पण
अनीता केवल अध्यापन तक सीमित नहीं हैं। वे गांव-गांव जाकर बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का अभियान चलाती हैं। जरूरतमंद बच्चों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराना, अभिभावकों से संवाद कर उन्हें बच्चों की पढ़ाई में सहयोगी बनाना और ड्रॉपआउट बच्चों को फिर से स्कूल लाना उनका विशेष प्रयास है।
——————–
सम्मान और प्रेरणा
अध्यापिका अनीता यादव को अब तक कई स्थानीय स्तर पर प्रशंसा मिल चुकी है, लेकिन श्रीनगर में मिलने वाला यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान उनकी मेहनत का बड़ा प्रमाण है। राह ग्रुप फाउंडेशन के चेयरमैन नरेश सेलपाड़ का कहना है कि– “अनीता जैसी अध्यापिकाएं न केवल बच्चों का भविष्य संवार रही हैं, बल्कि शिक्षा के नए मानक स्थापित कर रही हैं। उनका चयन हरियाणा के लिए गर्व की बात है।”
——————–
शिक्षा जगत में नई पहचान
अनीता यादव का मानना है कि बदलते समय के साथ शिक्षकों को भी खुद को लगातार अपडेट करना चाहिए। डिजिटल प्लेटफॉर्म, ऑडियो-विजुअल साधन और खेल-आधारित गतिविधियों को अपनाकर ही बच्चों में सीखने की ललक बढ़ाई जा सकती है। इसी सोच के कारण वे आज शिक्षा में नवाचार की मिसाल बन चुकी हैं।