Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
6 Sep 2025 · 2 min read

कौन सी साड़ी लूं...

व्यंग्य

कौन सी साड़ी लूं…

-समझ नहीं आ रहा, कौन सी साड़ी लूं?
मैडम। कोई सी ले लें। आप पर सब अच्छी लगेंगी।
-आँखें चमकी। फिर भी भाई..?
अच्छा। वो दिखाइए। वो लाल..मेहरून
-मैडम। आपको लेटेस्ट दिखाता हूं। कल ही आई है..( उसने रेंज खोल दी)
-लेटेस्ट तो है। लेकिन यह तो मेरे पास है।
मैडम कल ही तो आई है। “वो” तो ओल्ड फैशन हो गई है..
-अच्छा। फिर तो उसे नहीं पहनूंगी।
कुछ और दिखाइए। कॉटन या शिल्क में।
-जी मैडम। यह देखिए। आजकल इसकी बहुत डिमांड है। मेरी बात मानिए। ले जाइए।
-अच्छी तो है। लेकिन औरों पर भी होगी? डिमांड है तो सप्लाई भी होगी।
मैडम। औरों की बात छोड़िए। कहां वो। कहां आप?
-कलर यही है। कुछ और भी हैं।
मैडम यह दो ही कलर हैं। यूनिक हैं। ज्यादा कलर के ऑप्शन होते नहीं हैं। कभी कभी ऑप्शन की कमी हो जाती है ( मैडम ने मुस्कुराते हुए पति को देखा)

देखिए मैडम। सर को भी यह साड़ी पसंद आ रही है। मेरी बात मानिए। ले लीजिए।
-हां। ले लेती हूं। एक बार ही तो पहननी है।
( फिर पति की ओर देखा)
मैडम। यह चॉइस में निकाल दूं।
-हां। इसको निकाल दो।
( चॉइस में बीस साड़ी हो चुकी थीं)
मैडम। आपको एक और आइटम दिखाता हूं। यह किसी के पास नहीं होगा।
( साड़ी दिखाई गई।)
-यह तो बहुत भारी है। पार्टी वियर तो है। लेकिन..कलर मैच नहीं कर रहा।
मैडम। कलर तो सब मैच कर जाता है।
(मैडम के पति की ओर देखते हुए)। आप ले लो। घर जाकर देख लीजिए। पसंद न आए तो आ जाइए। आपकी शॉप है।
-वो तो आना ही है। हर बार आती हूं। ( मुस्कुराते हुए)

21 साड़ी हो चुकी थीं। चॉइस सामने थी। सवाल था…कौन सी लूं? मैडम एक साड़ी लेने गई थीं। पांच ले आई। संकट अभी भी था..कौन सी पहनूं? मेरे पास तो कुछ है ही नहीं।

सूर्यकांत
06.09.2025

Loading...