दोहा सप्तक. . . . . नजर
दोहा सप्तक. . . . . नजर
नजरें मंडी हो गईं, नजर बनी बाजार ।
नजरों में ही बिक गया, एक जिस्म सौ बार ।।
नजरों से छुपता नहीं,कभी नजर का प्यार ।
उठी नजर इंकार तो, झुकी नजर इकरार ।।
नजरें समझें जो हुए, नजरों से संवाद ।
बिन बोले ही बोलते , नजरों के उन्माद ।।
नजरों को झूठी लगे, नजरों की मनुहार ।
कामुकता से है भरा, नजरों का संसार ।
नजरें ही करने लगी, नजरों से व्यापार ।
नजर पाश में हो गई, नजर बड़ी लाचार ।।
नजरों में सिमटा रहा, नजरों का इसरार ।
अन्तस के उन्माद को, नजर करे साकार ।।
नजर समर्पण से हुआ, नजरों को अहसास ।
नजर मिटाती दूरियाँ, नजर बढ़ाती प्यास ।।
सुशील सरना / 31-8-25