Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
2 Sep 2025 · 1 min read

स्पंदन सरोवर, मुरादाबाद

स्पंदन सरोवर, मुरादाबाद
रविवार 31 अगस्त 2025। बुद्धि विहार, दिल्ली रोड, मुरादाबाद में स्थित स्पंदन सरोवर देखने का अवसर मिला। अमृत सरोवरों की श्रृंखला में यह सरोवर भी दर्शनीय तो है ही, कुछ विशेषता भी लिए हुए है।

स्पंदन सरोवर में बड़ी संख्या में फव्वारे हैं। इनमें संगीत की मधुर ध्वनि उत्पन्न होती है। संगीत की लय पर फव्वारे की धार जब नृत्य करती हैं, मनमोहक दृश्य बन जाता है। केवल इतना ही नहीं, फव्वारों पर भारत की संस्कृति की गाथा भी दर्शकों को सुनाई जाती है।

जिस दिन हम गए, उस दिन सम्भल में कल्कि अवतार के बारे में झूम-झूम कर यह फव्वारे हमें कथा बता रहे थे। कल्कि अवतार की प्रासंगिकता और विशेष रूप से मुरादाबाद मंडल में सम्भल के महत्व को संगीतमय फव्वारों के द्वारा दर्शकों तक पहुॅंचाना अद्भुत रोमांच पैदा कर रहा था। भारत के साथ भारत को जोड़ने का यह कार्य सरोवर निर्माण की राष्ट्रीय श्रृंखला में मील का पत्थर कहा जाएगा।

स्पंदन सरोवर को निहारने के लिए दर्शकों के बैठने का स्थाई रूप से अनूठा इंतजाम किया गया था। न कुर्सी थी, न सोफे। लाल पत्थर की सुंदर चमचमाती हुई साफ सुथरी सीढ़ियॉं थीं । सफाई का विशेष ध्यान था। कूड़ा-करकट का एक टुकड़ा भी स्पंदन सरोवर परिसर में देखने को नहीं मिला। यह देश में चल रहे स्वछता अभियान को भी दर्शा रहा था।
————————–
लेखक:रवि प्रकाश
बाजार सर्राफा (निकट मिस्टन गंज), रामपुर, उत्तर प्रदेश
मोबाइल 9997615451

Loading...