सुनो जी! मैं भी टैरिफ लगा दूं?
व्यंग्य
सुनो जी! मैं भी टैरिफ लगा दूं?
सुनो..जी!
आपने खबर सुनी ?
क्या
-वहीं तो। सुनते तो हो नहीं।
अरे बाबा कौन सी?
-ट्रंप की ?
हां। सुनी भी। पढ़ी भी। तुझे क्या लेना?
-ट्रंप ने 50% टैरिफ लगा दिया ?
तो? तुम्हे क्या करना?
-सोच रही हूं। मैं भी लगा दूं ? 25% अभी। 25% बाद में।
दिमाग खराब है। घर में कहीं टैरिफ लगता है।
-क्यों नहीं लगता।
अरे। हम पति पत्नी हैं।
-तो क्या हुआ। वो भी तो दोस्त थे।
होंगे। पर वो बड़ी बातें हैं। दो देशों का मसला है।
-यहां भी तो दो दिलों की बात है। अब घर चलता नहीं।
चल जाएगा। ट्रंप से पहले भी तो चल रहा था? अब क्या आफत आ गई?
-आ गई। अभी पता चला। हमारा तेल। हमारी गैस कहां से आती है? हम फूंकते हैं। सरकार कमाती है।
अरे बाबा। छोड़ भी।
-जी नहीं। मेरे हर आइटम पर 25% टैरिफ। पहले 10 हजार देते थे। अब 20 हजार दोगे। डॉलर बढ़ रहा है। रूस से तेल आ रहा है। सब महंगा हो गया?
डॉलर की चिंता तुझे कब से होने लगी?
-वही तो। ट्रंप को सुना। एक आइडिया आया। टैरिफ लगा दूं। अभी 25%। करवा चौथ पर बाकी का 25%। जब भारत दे सकता है तो तुम क्यों नहीं दे सकते?
भारत की तो अभी बात चल रही है?
तो हम कौन सा लड़ रहे हैं। हम भी तो बात कर रहे हैं।
सुनो जी!
बोलो..?
ज्वेलरी पर भी 25% टैरिफ लगा है ?
हां
ठीक है फिर। करवा चौथ पर 50% टैरिफ।
मसले केवल मसले नहीं होते। मसल मसल कर मसले बनते हैं। बिना मसाला मसला क्या? ट्रंप को मसला और मसाला दोनों चाहिए। उसको फिक्र नहीं, घर बिगड़े या बचे। अभी तक टैरिफ हम सुनते तो थे। अमल में कम लाते थे। टैरिफ हमेशा अपने ही लाते हैं। दोस्त। रिश्तेदार। बशीर साहब कहते हैं..जिससे उम्मीदें वफा होगी वही दगा देगा। बेवफा समझ के चाहो, अबकि जिसे चाहो।
चूंकि हमारी डिक्शनरी में बेवफा शब्द नहीं है। इसलिए मात खा जाते हैं। नीले ड्रम के बाद यह शब्द प्रचलन में आया है। जगह जगह सुनने को मिला है। वरना नीला ड्रम क्या था?
हम तो बहुत खुश थे। अमेरिका से दोस्ती हो गई। वहां क्या स्वागत होता था। हम बोलते थे। वो पीछे खड़े होकर ताली बजाता था। वो सुन सकता था। समझ नहीं सकता था। पड़ोसी ने कान भरे। जंग हुई। सीज फायर हुआ। किसी मंथरा ने कह दिया… बोल दे..तूने कराया। मंच पर चुपचाप ताली बजाने वाला कह उठा…सीज फायर…सीजफायर। एक बार नहीं, तीस बार। सीजफायर।
हमने पत्नी से पूछा…यह टैरिफ तुझे किस ने बताया?
पत्नी बोली.. मंथरा आंटी कह रहीं थीं… सुना तुमने? जेवर के पैसे बढ़ने वाले हैं। ट्रंप ने टैरिफ लगा दिया? तेल ईंधन सब महंगा हो जाएगा?
तुमको ही बताया?
नहीं। सबको बताया। हमारी भी आरडब्ल्यूए (वूमेन) है। उसमें तय हुआ। हम भी टैरिफ लगाएंगे। ट्रंप शादीशुदा है। प्रॉब्लेम जानता है।
धत। कहां वो टैरिफ। कहां ये टैरिफ। समझाए कौन?
सूर्यकांत
08.08.2025