भोले बाबा आ गए
भोले बाबा आ गए,बरसाने जग वरदान।
पूजन वंदन हम करें,जैसे बने विधान।
जैसे बने विधान,भक्ति अपनी दर्शाएँ।
भाँग धतूरा संग,श्वेत अरु नीर चढ़ाएँ।
भक्ति भाव के साथ,हृदय शिव मय हो डोले।
शोभित रखते साज,भक्त प्रिय बाबा भोले।।
आया सावन माह शुभ,हर्षित भोले भक्त।
पूजन वंदन कर उचित,करें भाव सत व्यक्त।
करें भाव सत व्यक्त,नीर भी अर्पित करते।
कांवड़ यात्रा साथ,भक्ति की महता रखते ।
हुआ सदा उद्गार,ध्यान शिव जिसको भाया।
हर्षित अतिशय ओम,माह जो सावन आया।।
डॉ ओम प्रकाश श्रीवास्तव ओम