बेटी से दूर होना
आज बहुत दिनों बाद रात के 2 बजे लिख रहा हूँ। शिवांगी को और निक्की दोनों को एक साथ चिकन पॉक्स हो गया है। आज शनिवार है और ये पूरा सफ्ताह शिवांगी से दूर रहना पड़ा मुझे। शायद पहली बार है ये की शिवांगी मेरे पास होकर भी दूर है। आज दिन में उसने मुझे बोला पापा 2 दिन और मै ठीक हो जाउंगी। आज शाम में जब मै उसके पास बैठा था तो शायद आज उसका बहुत दिल किया होगा मेरी गोद में बैठने का मुझे गले लगाने का और मुझे जो वो चूमती है कभी गालो को कभी माथे को कभी हाथ को वो सब उसने किया। उसका नाम लेते ही या उसका ख्याल आते ही मेरे चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। मेरे जीवन में बस एक शिवांगी ही है जिसके लिए मै सिर्फ दिल से सोचता हूँ नहीं तो सभी जगह और सभी रिश्ते में मै बहुत दिमाग लगाता हूँ और हर जगह हमेशा सही करने में लगा रहता हूँ। लेकिन शिवांगी की हर बात हर नाराजगी उसकी हर जिद्द मै मान लेता हूँ। मुझे उसकी किसी भी बात पर गुस्सा नहीं आता। पिछले 5 दिनों में एक रात उसे बहुत परेशानी हो रही थी और मै उसके शरीर पर नीम के पत्ते से सेहला रहा था जिससे उसे खुजली कम हो, मै उसे परेशान नहीं देख पाया। शायद मेरे अंदर इतनी हिम्मत नहीं की उसके दर्द और परेशानी को ज्यादा देख पाउ। ये पहली बार था मेरे जीवन में की इतनी परेशान होने पर भी उसे गले नहीं लगा सका। रात को सोते समय उसे कहानी सुनाना बहुत याद आता है और जब वो मेरी हर कहानी में वो खुद को खोजती रहती है और पूछती है पापा जब आप बच्चे थे तो स्कूल में आपकी बेटुआ भी तो आपके साथ ही पढ़ती थी न ये सब बातें बहुत याद आती है। मै जब भी शिवांगी के साथ होता हूँ सब कुछ भुला के उसके साथ बच्चा बन जाता हूँ। शिवांगी बहुत प्यारी है मुझे बहुत प्यार है उससे ऐसा प्यार की मुझे उसकी हर शैतानी से भी प्यार है कभी उसे सुधारने का ख्याल नहीं आता मुझे , मुझे उसकी हर बात हर आदत से प्यार है। वैसे तो मै अपने मम्मी पापा को खुश देखता हूँ या फिर उन्हें खुश रख कर ये मान लेता हूँ की मेरा भगवान खुश है लेकिन मै भगवान से प्राथना करता हूँ की मेरे पुरे परिवार को इस परेशानी से बचाये। सबसे पहले ये वायरल नवीन को हुआ फिर राहुल को उसके बाद निक्की शिवांगी और शिवानी तीनो को एक साथ हुआ। मैंने तो ये भी मान लिया की जल्दी पूरा परिवार स्वस्थ्य हो जायेगा तो खटूश्याम के दर्शन करने फिर जाएंगे। अगर इस समय माँ नहीं होती तो मै बहुत परेशान हो जाता इन सभी की हालत देखकर लेकिन माँ में बहुत हिम्मत है इसलिए बोलते है जब तक मा है वो हर परेशानी में साथ देगी और उन्होंने तीनो की बहुत देखभाल की जो हम भाई लोग नहीं कर पाते।
अमित कुमार