Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
9 Jul 2025 · 1 min read

दोहा सप्तक. . . . बारिश

दोहा सप्तक. . . . बारिश

आई बरखा याद से, हरे हुए सब घाव ।
अनायास होने लगे, आँखों से फिर स्राव । ।

बरखा की हर बूँद से, हरित हुई हर याद ।
धीमे-धीमे देह से, हुआ छुअन संवाद ।।

वातायन के पट खुले, हुआ नयन अभिसार ।
बरखा की बौछार से, भभक उठे अंगार ।

कड़ – कड़ कड़के दामिनी, घन गरजें घनघोर ।
पिया मिलन को धड़कनें, बहुत मचाती शोर ।।

गगरी छलकी नैन की, जब बरसी बरसात ।
कैसे बीती क्या कहूँ, मुझ बिरहन की रात ।।

आवारा बादल बड़ा, शोर करें घनघोर ।
नभ में पागल ढूँढते, कहाँ गगन का छोर ।।

देख – देख बारिश बढ़ा , अंतर्मन का ज्वाल ।
भीगा यौवन यों झुका , जैसे भीगी डाल ।।

सुशील सरना / 9-7-25

Loading...