Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
28 Jun 2025 · 3 min read

हम अक्सर सोचते हैं कि डिप्रेशन का मतलब है किसी का बिस्तर से

हम अक्सर सोचते हैं कि डिप्रेशन का मतलब है किसी का बिस्तर से न उठ पाना, दिनभर रोते रहना या हर चीज़ से दूर हो जाना….
लेकिन डिप्रेशन हमेशा ऐसा नहीं दिखता, कुछ लोग जो इससे जूझ रहे होते हैं, वे हर सुबह उठते हैं, तैयार होते हैं, काम पर जाते हैं, लोगों से मुस्कुराकर बात करते हैं, और अपने सारे ज़िम्मेदारियाँ निभाते हैं, बाहर से वे पूरी तरह “ठीक” दिखते हैं, लेकिन अंदर ही अंदर चुपचाप टूटते जा रहे होते हैं, उनके संघर्ष उनकी आंखों से नहीं, उनके दिल की चुप्पी से झलकते हैं….

इसलिए हमें यह मान लेना बंद करना होगा कि कोई व्यक्ति अगर काम कर रहा है, व्यस्त है, तो वह मानसिक रूप से स्वस्थ भी है…
उत्पादकता शांति की गारंटी नहीं होती…
कई बार सबसे ज्यादा काम वही लोग कर रहे होते हैं जो भीतर सबसे अधिक बिखरे होते हैं, और इसलिए दयालुता बेहद ज़रूरी है—
क्योंकि हम कभी नहीं जानते कि कोई अपने भीतर क्या कुछ लेकर चल रहा है….
बहुत से लोग ऐसे घरों में बड़े होते हैं जहाँ हर बात में संभलकर चलना होता है…
किसी की नाराज़गी न हो, किसी का मूड न बिगड़े, और हर समय माहौल संतुलन में रहे, ऐसे माहौल में पलने वाले बच्चे धीरे-धीरे इस सोच के साथ बड़े हो जाते हैं कि अगर कुछ गलत हो रहा है, तो शायद उनकी ही गलती है…
यह आदत उनके अंदर इतनी गहराई से बैठ जाती है कि वे बड़े होकर भी हर असहज स्थिति का दोष खुद को देने लगते हैं, भले ही वह स्थिति उनके नियंत्रण से बाहर ही क्यों न हो….
लेकिन हमें समझना होगा कि दूसरों का गुस्सा, उनकी चुप्पी, उनका बर्ताव हर बार हमारे कारण नहीं होता….
कभी-कभी लोग खुद अपने भीतर के तूफानों से लड़ रहे होते हैं, और उसका असर आसपास वालों पर भी पड़ जाता है…
गुस्सा हमेशा गुस्सा नहीं होता, कई बार वह एक ऐसी उदासी होती है जिसे कभी बोलने की जगह नहीं मिली…
वह दर्द जो सालों से भीतर दबा पड़ा है, उसे किसी ने सुना नहीं, समझा नहीं, बस चुप करा दिया, और जब कोई भावना लंबे समय तक दबी रह जाती है, तो वह दूसरे रूप में बाहर निकलती है….
जैसे गुस्सा, चिड़चिड़ाहट, या असंतुलन… इसलिए जरूरी है कि हम अपने भीतर के दर्द को जगह दें, उसे महसूस करें, उसकी आवाज़ सुनें, उसका जो भी संदेश है, उसे समझें, क्योंकि जब हम उस दर्द को अपनाते हैं, तभी हम उसकी पकड़ से धीरे-धीरे मुक्त हो पाते हैं…
कभी-कभी हमें लगता है कि सब बदल देना चाहिए—
नई ज़िंदगी, नया माहौल, नए लोग…
ताकि फिर से शुरुआत हो सके, लेकिन शायद ज़िंदगी को पूरी तरह बदलने की ज़रूरत नहीं होती, शायद हमें बस अपनी नज़रें बदलनी होती हैं, जिस चश्मे से हम दुनिया को देखते हैं, उसमें थोड़ी रोशनी, थोड़ी नरमी लानी होती है, क्योंकि खुशी, आशा और अर्थ हमेशा किसी बड़ी चीज़ में छुपे नहीं होते, वे छोटे-छोटे पलों में बिखरे रहते हैं —
जैसे किसी अजनबी की मुस्कान, बारिश की बूंदों की ख़ामोशी, पसंदीदा गाने की एक लाइन, या किसी अपने की बिना वजह आई एक कॉल…
ये छोटी-छोटी झलकियाँ हमें यह याद दिलाती हैं कि सुंदरता अब भी हमारे आसपास है, बस देखने वाली नज़र चाहिए…
अगर आप भी ऐसे दौर से गुजर रहे हैं जहाँ बाहर सब कुछ सामान्य लगता है, लेकिन भीतर बहुत कुछ बिखरा हुआ है—
तो जान लीजिए, आप अकेले नहीं हैं…
ऐसे बहुत से लोग हैं जो मुस्कुराते हुए अपने आँसुओं को छुपा लेते हैं, जो दूसरों का ख्याल रखते हुए खुद को भूल जाते हैं, और यही वजह है कि हमें एक-दूसरे के साथ थोड़ा और नरम, थोड़ा और समझदार, और सबसे ज़्यादा — थोड़ा और इंसान बनना होगा..

Loading...