*प्रकृति में विराट नर्तन*—राधा-कृष्ण के रास की अद्वैत व्याख्या
प्रकृति में विराट नर्तन — राधा-कृष्ण के रास की अद्वैत व्याख्या
जब हम राधा-कृष्ण के रास की बात करते हैं, तो सामान्यतः हमारी कल्पना में वृंदावन के कुंजों में बांसुरी की मधुर ध्वनि, गोपियों का भावपूर्ण नृत्य और चंद्रप्रभा से आलोकित एक रम्य रात्रि उभरती है। परंतु यदि हम गहराई से देखें, तो यह रास लीला कोई भौतिक प्रसंग मात्र नहीं, अपितु विराट चेतना और प्रकृति का शाश्वत संवाद है।
रास क्या है?
“रास” का अर्थ है — रासोत्सव, एक ऐसा नर्तन जो आत्मा की परमात्मा के साथ लयबद्धता को प्रकट करता है। यह कोई बाह्य लीला नहीं, बल्कि सृष्टि के कण-कण में निहित वह नित्य अनाहत स्पंदन है जो जीवन के प्रत्येक रूप में प्रकट हो रहा है।
प्रकृति का विराट नर्तन देखिए —
वायु की गति में लय है,
जल की तरंगों में ताल है,
पत्तों की सरसराहट में राग है,
और पक्षियों के कलरव में संगीत।
यह संपूर्ण सृष्टि — पर्वत, नदियाँ, आकाश, वन, और जीव — सभी किसी अदृश्य नर्तक की बांसुरी की धुन पर नृत्यरत हैं। यही विराट नर्तन रास है। और उस अदृश्य नर्तक का नाम है — कृष्ण।
राधा कौन हैं?
राधा भक्त का मन हैं — पूर्ण समर्पण की मूर्ति, शुद्ध प्रेम की साक्षात प्रतिमा।
वह प्रकृति के भाव हैं, वह चेतना हैं जो कृष्ण के प्रति पूर्णतः समर्पित है।
जहाँ कृष्ण नियंता हैं, वहीं राधा भावना हैं।
जहाँ कृष्ण ब्रह्म हैं, वहीं राधा माया नहीं, बल्कि पराशक्ति हैं — ब्रह्म की लीला करने वाली प्रेरणा।
दर्शन का दृष्टिकोण – –
रास कोई घटना नहीं, एक स्थिति है —
जहाँ आत्मा और परमात्मा में कोई द्वैत नहीं रहता।
जिस क्षण हृदय की प्रकृति स्वयं को पूर्ण रूप से चैतन्य के चरणों में अर्पित कर देती है, उसी क्षण वह रास घटित होता है।
श्रीमद्भागवत में रास को केवल प्रेम की लीला नहीं, बल्कि परब्रह्म और जीवात्मा के मिलन का प्रतीक कहा गया है।
उस लीला में कृष्ण अनेक हैं, पर हैं एक; गोपियाँ अनेक हैं, पर सबमें राधा का ही भाव है।
निष्कर्ष
जब पवन बहता है, जब नदी बहती है, जब सूर्य उदित होता है और फूल मुस्कराता है — वह रास है।
जब हृदय में अनाम आनंद की लहर उठती है, वह रास है।
जब प्रेम अहंकार को भुला देता है, वह रास है।
यह सम्पूर्ण सृष्टि ही वृंदावन है, और उसमें चल रहा नर्तन ही राधा-कृष्ण का रास।
—- ©® डा० निधि श्रीवास्तव “सरोद”