आओ कुछ याद करें उनको, जो आजादी को लाए थे (राधेश्यामी छंद)*
आओ कुछ याद करें उनको, जो आजादी को लाए थे (राधेश्यामी छंद)
🍂🍂🍂🍂🍂🍂🍂🍂
1)
आओ कुछ याद करें उनको, जो आजादी को लाए थे।
जिनके बल के सम्मुख गोरे, आक्रांता भी थर्राए थे।।
2)
यह उनका शौर्य जवानी थी, जो कालापानी झेले थे।
कोल्हू में जोत-जोत खुद को, जो तेल अकेले पेले थे।।
3)
यह आजादी उनसे आई, जो फॉंसी पर जा झूले थे।
जिनकी ऑंखों में देश बसा, जो निजी गृहस्थी भूले थे।।
4)
सीने पर गोली खाई थी, हाथों में मगर तिरंगा था।
जिनके ऊपर अत्याचारी, शासन का चाबुक नंगा था।।
5)
जो चले तिरंगे को थामे, समझो यम से टकराते थे।
सचमुच वह जान हथेली पर, लेकर यात्रा में जाते थे।।
6)
वह दौर गुलामी का था जब, कुछ वीर तिरंगा फहराते।
कुछ साथी थाम तिरंगे को, हॅंसते-हॅंसते गोली खाते।।
7)
वह नमन तिरंगे की गाथा, वह नमन वीर जो बलिदानी।
वह नमन जिन्होंने प्रण ठाना, आजादी भारत में लानी।।
8)
वह नमन तिरंगे की यात्रा, जो परम देश-अभिमानी थी।
सर्वस्व समर्पित करने को, जो जलती हुई जवानी थी।।
9)
लहराता आज तिरंगा है, यह गाथा है बलिदानों की।
यह गाथा मरने को तत्पर, गाते जय हिंद जवानों की।।
10)
जिसके हाथों में ध्वज उसने, अंग्रेजों की गोली खाई।
जो गिरा मगर ध्वज नहीं गिरा, थामे थी फिर नव-तरुणाई।।
11)
ध्वज फहराया यों भारत का, सब देख-देख हर्षाते थे।
यह थे जुलूस सब बलिदानी, जिस पर गोरे गुर्राते थे।।
12)
वह धन्य जवानी भारत की, जो हमें तिरंगा थमा गई।
पावन नदियों में डुबकी का, जो पुण्य समझ लो कमा गई।।
13)
हम वही तिरंगा हाथों में, थामें गौरव से चलते हैं।
ऑंखों में स्वप्न शहीदों के, अनगिन इस मध्य मचलते हैं।।
14)
हमको दो शक्ति अमर वीरों, हम पुण्य मार्ग पर चल पाऍं।
जो देशभक्ति का था स्वरूप, हम उस स्वरूप में ढल पाऍं।।
15)
हमको आजीवन भान रहे, यह बलिदानों से पाया है।
अपना सब कुछ अर्पित करके, वीरों ने ध्वज फहराया है।।
16)
यह झुके नहीं यह रुके नहीं, यह वीर तिरंगा फहराए।
जो कुटिल दृष्टि डाले हम पर, यह उसे हराकर ही आए।।
17)
यह अमर तिरंगा भारत का, सेना के बल से लहराता।
यह सैनिक वीर जवानों के, बलिदानों से पोषण पाता।।
18)
यह जन के मन का गायक है, यह जन गण मन अधिनायक है।
यह तीन रंग का ध्वज पावन, यह फहर रहा सुखदायक है।।
19)
अभिवादन करते हैं तुमको, हम तुमको शीश झुकाते हैं।
श्रद्धा से वीर तिरंगा हम, ऊॅंचा नभ में फहराते हैं।।
———————————————————
रचयिता: रवि प्रकाश
बाजार सर्राफा (निकट मिष्ठान गंज), रामपुर उत्तर प्रदेश
मोबाइल 9997615451