Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
23 May 2025 · 1 min read

कोई है

मैं जब से पढ़ रहा हूँ
पुरुषों की तुलना में
नारियों की औसत उम्र
कम है
सम्भव है परम्परानुसार
कुछ ज्यादा उम्र की
पुरुषों से ब्याहने के कारण
श्वेत वस्त्रों में
लिपटी हुई वे औरतें
हमारे गाँव की विधवाएँ हैं,
वे और कोई नहीं
हमारी दादियाँ चाचियाँ
भाभियाँ बहनें और माँएँ हैं।

वे उजाड़ रंग ओढ़े हुए
सिसकियाँ भरती हैं,
लोगों के ताने और
वैधव्य का दंश झेलती हैं।

वे टूटे हुए काँच और
फूटे हुए बर्तन की तरह हैं
वे दूर-दूर रहती हैं
जो सगुन के कामों में
हिस्सा नहीं लेती हैं।

मैं सोचता हूँ
आखिर कब बदलेंगी
ये रूढ़ परम्पराएँ?
कोई है
जो इन रूढ़ परम्पराओं को
बदल करके
एक नया नियम चलाए?

डॉ. किशन टण्डन क्रान्ति
( साहित्य वाचस्पति )
इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स फॉउंडेशन द्वारा
भारत के 100 महान व्यक्तित्व में शामिल
एक साधारण व्यक्ति।

Loading...