Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
2 May 2025 · 1 min read

याद करो जलियांवाला बाग

उस बार जो आई बैसाखी
हृदयों में रोष की ज्वाला थी
अन्याय पे फिर आवाज़ें उठी
अब और नहीं अब और नहीं

अपनी ज़मीन अपना गगन
बाहरवाले क्यों करे दमन
हर गली गली ये बात चली
अब और नहीं अब और नहीं

सब मिल जुलकर ये करे विचार
कैसे हो ख़त्म ये अत्याचार
दशहतगर्दी हो बंद अभी
अब और नहीं अब और नहीं

कुछ पल में दुनिया बदल गई
नफ़रत जीवन को निगल गयी
क्या जाने कैसे ज़ुल्म सहा
ये हुआ वहीं हां हुआ वहीं

बंदूकें उठी और यूं बरसी
गरजी गोलियां, झपटी लपकी
फिर खून की नदियां बहने लगी
ये हुआ वहीं हां हुआ वहीं

इस ओर कराहते घायल जन
कहीं गिरे छलनी होते बदन
लाशों के ढेर में दबी जमीन
ये हुआ वहीं हां हुआ वहीं

एक शतक गुजर गया फिर भी
घाव हमारे ताज़ा है
काले दिन का काला सच
करते आपस में साझा है

है प्यार अगर इस मिट्टी से
हो लाल अगर इस धरती के
अन्तिम नमन देकर आओ
सजदा करो शीश झुकाओ

देखो और जानो आज़ादी
पाने को क्या क्या जतन किये
स्वछन्द हवा आजाद फिजा
लेने को क्या क्या मोल दिये

याद उन मतवालों की
दिल में सदा रहे बनी
याद करो फिर याद करो
पावन जलियाँ की सरज़मीं

चित्रा बिष्ट

Loading...