Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
27 Feb 2024 · 1 min read

आवश्यक मतदान है

आवश्यक मतदान है,रखो सभी यह ध्यान।
मत की ताकत से सजे,सारा राज विधान।।

समझो मत के मूल्य को, करो सभी मतदान।
एक एक मत से बढ़े,लोक तंत्र की शान।।

कैसा नेता हम चुनें,करिए सोच विचार।
धन दौलत या दर्प को,मत करिए स्वीकार।।

जाति धर्म के भेद को,मत देना तुम स्थान।
हिन्द देश शोभा बढ़े,रखना इसका ध्यान।।

लोक तंत्र मंशा सदा,सुंदर सजे विधान।
सत्ता जनता की चले,बढ़े हिन्द का मान।।

मदिरा माया लोभ को,करना नहि स्वीकार।
लोकतंत्र के शत्रु यह,समझो सीधा सार।।

सुविधा रक्षा देश हित,नव विकास की चाह।
मुद्दे ऐसे सोच कर, चुनो उचित तुम राह।।

चूको मत मतदान से,यह विकास आधार।
सबके मत से ही बने,अच्छी सी सरकार।।

जिम्मेदारी आपकी,कैसी हो सरकार।
देकर अपना मत उचित, करो इसे साकार।।

अच्छे जीवन के लिए,मत प्रबलित आधार।
करके इसका दान तुम, चुनो उचित सरकार।।

पाँच वर्ष के बाद में,आता है यह पर्व।
करके तुम मतदान सत, करो स्वयं पर गर्व।।

ओम सदा कहता यही,लोक तंत्र है शान।
शत प्रतिशत मत दान कर,सदा बढ़ाओ मान।।

ओम प्रकाश श्रीवास्तव ओम

Loading...