Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
5 Feb 2024 · 1 min read

* राष्ट्रभाषा हिन्दी *

** हिन्दी का सम्मान **

शासन के सब कार्यों में जब हिन्दी का सम्मान न होगा।
तब तक दुनियां में भारत का सबसे ऊंचा स्थान न होगा।

अपनी भाषा बिन राष्ट्रों की कोई पहचान नहीं होती।
आजादी आधी है जब तक हिन्दी को अधिमान न होगा।

राष्ट्र हित का भाव जगेगा केवल अपनी ही भाषा से।
अंग्रेजी अपनाकर तो फिर भारत का उत्थान न होगा।

वेदों उपनिषदों की धरती पर हिन्दी ने जन्म लिया है।
बिन हिन्दी भारत का हमको बिल्कुल पूरा ज्ञान न होगा।

कैसे कह सकते हमको आजाद हुये दशकों बीते हैं।
जब तक संसद न्यायालय से अंग्रेजी प्रस्थान न होगा।

अपनी भाषा के खोये सम्मानों को वापिस पाना है।
ठानें दिल में इसकी खातिर आजीवन विश्राम न होगा।

विश्व गुरू बनने का सपना कैसे हम साकार करेंगे।
विश्व गगन पर हिन्दी मेँ जब भारत का गुणगान न होगा।
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
-सुरेन्द्रपाल वैद्य।

Loading...