Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
14 Dec 2023 · 1 min read

चाँद से मुलाकात

पहले चाँद आता था
छत पर हर रात
साथ लिए झिलमिल
तारों की बारात
होती थी कभी गंभीर
कभी छुटपुट सी बात।

कभी अचानक से यूं ही
दिखता था आँगन में
खेलता आँख-मिचौली सा
बेवजह की गुफ़्तगू संग
कभी किसी रात हो जाती
खिड़की पर मुलाकात।

फिर इमारतें निगल गयीं
छतों को वक्त के साथ
खिड़कियाँ सिमट सी गयीं
बंद दरवाजों में अपने
आँगन भी लुप्त से हो गये।

अब गुजरते चले जा रहे हैं
दिन, महीने और साल
नहीं कर पाते चाँद और मैं
गुफ़्तगू और मुलाकात।

कभी कहीं दिख जाए चाँद
चुरा लेती हूँ नजर एक
फीकी सी मुस्कुराहट के साथ।

रचनाकार :- कंचन खन्ना,
मुरादाबाद, (उ०प्र०, भारत)।
सर्वाधिकार, सुरक्षित (रचनाकार)।
दिनांक:- १४/१२/२०२३.

Loading...