Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
29 Dec 2023 · 1 min read

खालीपन

मन के उदास कोने में
खालीपन की छटपटाहट
अपनों की भीड़ के बीच भी,
अकेला कर देती है।
ऐसा तब महसूस होता है
जब हम खुद को पूर्ण नहीं पाते!
पूर्णता के लिए भाव जरूरी है।
लेकिन मन में भाव ही नहीं होते!
सब खाली_खाली सा लगता है!
अंदर ही अंदर कचोटता है,
खुद को खुद तक जाने से रोकता है।
जाने क्यों रोकता है?
ये मन के अंदर जो रिक्त है ना?
ये हर समय,हर व्यक्ति से
बात करने या मिलने पर
ढूंढता सा रहता है,
कि कुछ……
हां कुछ तो है!
जिसकी तलाश है।
ये मन को भी नहीं पता,
लेकिन खुद से कहता है
कि जब वो उससे मिलेगा
तो उसे खोज ही लेगा।
और इस खोज के सफर का
कभी अंत नहीं होता।
यानि ये सफर अक्सर
एक अंतहीन यात्रा पर होता है।
और लंबे समय बाद धीरे- धीरे
हम आदी हो जाते हैं,
इस अंतहीन यात्रा से उपजे
खालीपन के…!
फिर ये खालीपन भरता भी है.,
तो इस पूर्णता का अहसास
मन को सुहाता ही नहीं!
हां! बिलकुल नहीं सुहाता।

Loading...