Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
5 Apr 2023 · 1 min read

वो राह देखती होगी

नित भोर के चले आते ही
चहुँ ओर वो पथ निहारती
एकटक ओटले पर बैठे
वो तब राह देखती होगी

काम से टूटी शिथिल काया
थकन से चूर चूर होके
रूखी रोटी थाल में सजा
वो तब राह देखती होगी

गहरे काले अंधियारे में
टूटी खपरैल सी झोपड़ी
दीये जला रोशन करती
वो तब राह देखती होगी

घड़ी की टिकटिक करती सुई में
नज़रें गड़ाके पहर गिनती
बरबस ही यूँ दौड़ भागके
वो तब राह देखती होगी

पथ से गुजरती गाड़ियों को
देख बदहवास सी हो कभी
उनींदी अँखियो से निहारती
वो तब राह देखती होगी

गोबर से सने हाथों से
पन्ने किताब के वो पलटती
बेतरतीब कर बिखेर देती
वो तब राह देखती होगी

पापड़,सेवईयां, चकली बना
लोहे के डिब्बों में चुनके
सम्भालती रखती ही होगी
वो तब राह देखती होगी

भर आता होगा दिल कभी
नीर भरे सजल नयनों को
आँचल से पोछ छुपाती होगी
वो तब राह देखती होगी।

✍️”कविता चौहान”
स्वरचित एवं मौलिक

Loading...