Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
2 Apr 2023 · 1 min read

छाती पर पत्थर /

पल-पल
कठिन तपस्या करके,
बाप ! चला पाता है, घर ।

बासन-भाँड़े,
कपड़ा-लत्ता,
सब्जी-भाजी औ’ राशन ;
ब्याह, पढ़ाई
रोग-दवाई
कर्ज उठाकर, लाए धन ;

अनचाहे
हिस्सों में बँटके,
बाप ! चला पाता है, घर ।

दो टिक्कड़
साफी में बाँधे
और प्याज की ले गठिया ;
भरी दुपहरी
बहे पसीना
जोते मालिक की रठिया ;

सपन सलौने
गिरवी धरके,
बाप ! चला पाता है, घर ।

बेटी को
लेना इस्कूटी,
बेटा चाह रहा मोबाइल ;
ध्यान रहेगा
दादी का चश्मा
मम्मी की स्माइल ;

हर पल
जी-जी के, मर-मर के
बाप ! चला पाता है, घर ।

पर्वत टूटे,
आँधी आये,
कभी,न मन को गिरने दे ;
धीरे से
मसले सुलझाये,
‘तिल का ताड़ न बनने दे’;

छाती पर
पत्थर-सा धरके,
बाप ! चला पाता है, घर ।

पल-पल
कठिन तपस्या करके,
बाप ! चला पाता है, घर ।
••

— ईश्वर दयाल गोस्वामी
छिरारी (रहली), सागर
मध्यप्रदेश – 470227
मो. – 8463884927

Loading...