Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
2 Apr 2023 · 1 min read

जगमगाती चाँदनी है इस शहर में

जगमगाती चाँदनी है इस शहर में
खूबसूरत यामिनी है इस शहर में

सर्द मौसम है,बिछा यादों का कोहरा
धूप लेकिन गुनगुनी है इस शहर में

डूब जाएगा ये दिल मदहोश होकर
इक नशीली रागिनी है इस शहर में

किस तरह कोई बचेगा बारिशों से
हर घटा ही सावनी है इस शहर में

देखकर रुख बादलों का लग रहा है
अब हवा भी अनमनी है इस शहर में

हम छुपायें किस तरह जज़्बात अपने
हर नज़र ही छावनी है इस शहर में

दो बदन इक प्राण हों हर दोस्ती के
नींव ऐसी डालनी है इस शहर में

बस तुम्ही तुम दीखते हो हर जगह पर
हर फ़िजां मनभावनी है इस शहर में

‘अर्चना’अब किस तरह जी पाएंगे हम
मौत की चादर तनी है इस शहर में

02-04-2023
डॉ अर्चना गुप्ता

Loading...