Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
21 Feb 2023 · 1 min read

*गीता - सार* (9 दोहे)

गीता – सार (9 दोहे)

(1)
एक महाभारत छिड़ा ,सबके मन में आम
कृष्ण जिसे भी मिल गए ,वह जीवन अभिराम
(2)
मृत्यु सुनिश्चित जानिए ,जीवन दो क्षण मात्र
शिक्षा देते कृष्ण यह , अर्जुन देखो छात्र
(3)
जाने कितने जन्म से , चलता यह संसार
जन्म-मरण क्रम चल रहा ,गीता के अनुसार
(4)
दाँव – पेंच सारे चलो , नीति ज्ञान से युक्त
लोभ मोह मद से मगर ,रखना भीतर मुक्त
(5)
प्रभु के भीतर बस रहा ,सकल जगत साकार
देखो यह श्रीकृष्ण का , विश्वरूप – विस्तार
(6)
झूठे जग में कृष्ण का ,बस उपदेश यथार्थ
तर जाता वह जो बना , सुनने वाला पार्थ
(7)
असमंजस में जग पड़ा ,किंकर्तव्यविमूढ़
गीता कहती कर्म – पथ , पर हो जा आरूढ़
(8 )
भय से थरथर काँपते ,मनुज कहो क्यों गात
करो युद्ध निर्भय बनो , तभी बनेगी बात
(9)
क्या जीवन क्या मृत्यु है ,दो क्षण का यह मेल
युगों – युगों से चल रहा ,अविरल इन का खेल
“””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””‘
रचयिता : रवि प्रकाश ,बाजार सर्राफा
रामपुर (उत्तर प्रदेश)
मोबाइल 99976 15451

Loading...