Sahityapedia
Sign in
Home
Your Posts
QuoteWriter
Account
16 Jun 2020 · 1 min read

याद आया वह गुज़रा ज़माना

आज फिर
वही काली घटा आई
क्यूँ फिर यादों की बदली छाई
चाय तो महज़
बहाना होता था
माँ से अपनी मनवाना होता था।
रिमझिम बरखा
कच्ची ख्वाहिशें
माँ से मधुर ज़िद भरी फरमाइशें
छत पर नाली रोककर
खूब धमाल
सखियों के संग मस्ती बवाल
नहाना छककर
फिर झूठा नाटक सर्दी का
बिस्तर पर पड़ जाना थक कर
मुख पर बौछारें
और चाय की चुस्की
अलमस्त मन था परवाह किसकी
वह चाय और वो पकौड़े
अब वह आनंद ढूंढे न मिलते
न ज्यादा और न ही थोड़े
मैके की नटखट मुनिया न
अब हूँ किसी के घर की लाज
सबको बनाकर यहाँ
पिलाती हूँ मैं चाय आज
ओ कारी बदरिया
जा मेरे बाबुल के अंगना बरस
माँ को जा संदेशा दे आ
मुनिया के नैन रहे हैं तरस
ओ माँ
अबके सावन वहीं बुलाना
फिर जब काली बदरी छाये
तेरे हाथ के चाय पकौड़े
एक बार फिर
छककर खिलाना
तुम वही मेरी
बचपन वाली माँ बन जाना
मुझे वही मुनिया बनाकर
एक बार फिर उसी छुटपन से मिलवाना
कुछ पल को ही सही
लौटा देना वह प्यारा-सा गुज़रा ज़माना।

रंजना माथुर
अजमेर (राजस्थान )
मेरी स्वरचित व मौलिक रचना
©

Loading...