Sahityapedia
Login Create Account
Home
Search
Dashboard
Notifications
Settings
24 Feb 2017 · 4 min read

विरोध की कविता : “ जै कन्हैयालाल की “

विरोध की कविता : “ जै कन्हैयालाल की “
[ प्रथम संस्करण ]
+ डॉ. ब्रह्मजीत गौतम
——————————————————————
‘ तेवरी ‘ विधा के प्रणेता, कथित विरोधरस के जन्मदाता श्री रमेशराज की लघु कृति ‘ जै कन्हैयालाल की ‘ आज के समाज और समय की विसंगतियों और विद्रूपों का जीवंत दस्तावेज़ है | 105 द्विपदियों से समन्वित इस कृति को कवि ने ‘ लम्बी तेवरी ‘ नाम दिया है | प्रत्येक द्विपदी में एक प्रथक भाव या तेवर है, अतः कवि ने इसे ‘ तेवर-शतक ‘ भी कहा है | वस्तुतः ‘ जै कन्हैयालाल की ‘ एक प्रकार का उपालम्ब काव्य है, जिसमें कवि ने जनता रुपी गोपियों की आवाज़ उसके द्वारा चुने गये प्रतिनिधियों रुपी उद्धव के माध्यम से हर उस शासक तक पहुँचाने का प्रयास किया है जो वेशभूषा से तो कृष्ण जैसा लगता है, किन्तु आचरण से कंस जैसा होता है | ‘ मनमोहन ‘ शब्द का साभिप्राय प्रयोग कर, परिकरान्कुर और श्लेष अलंकार से गुम्फित 101 वीं द्विपदी देखिये, जो काव्य-सौन्दर्य की दृष्टि से तो उत्कृष्ट है ही, कृति के उद्देश्य को भी बड़े कलात्मक ढंग से प्रस्तुत करती है-
ऊधौ मनमोहन से बोल देना राम-राम
बैठे कान रुई डाल, जै कन्हैयालाल की |
कृति की द्विपदियां हमारे सामने समाज में व्याप्त शोषण, अत्याचार, कंगाली, भ्रष्टाचार, हिंसा, हड़ताल, महंगाई, आदि व्याधियों के दृश्य उपस्थित करती हैं | आज स्थिति यह है कि प्रतिभा-सम्पन्न लोग तो ठोकरें खाते फिरते हैं, किन्तु नक्काल मौज मनाते देखे जा सकते हैं | जनता को तो रोटी-दाल तक नसीब नहीं है, किन्तु नेताजी हर रोज तर माल हज़म कर जाते हैं | विश्वबैंक से कर्ज ले-लेकर देश को निहाल कर रहे हैं | सत्य को कब्र में दफ़नाया जा रहा है और झूठ नंगा नाच कर रहा है |
जहाँ कहीं कवि ने प्रतीकों का सहारा लेकर बात कही है, उसकी व्यंजकता कई गुना बढ़ गयी है | ऐसे कुछ तेवरों पर दृष्टिपात करना उचित होगा-

‘ विकरम ‘ मौन औ सवाल ही सवाल हैं
डाल-डाल ‘ वैताल ‘, जै कन्हैयालाल की |
आज़ादी के नाम पे बहेलियों के हाथ में
पंछियों की देख-भाल, जै कन्हैयालाल की |
जहाँ-जहाँ जल-बीच नाचतीं मछलियाँ
छोड़ दिये घड़ियाल, जै कन्हैयालाल की |
कवि का कटाक्ष है कि नेताओं को यदि त्रिभुज बनाना हो तो वे परकार को हाथ में लेते हैं | घोड़े तो धूप-ताप सहते हैं किन्तु गदहों के लिए घुड़साल खुली हुयी हैं | यहाँ ‘ फूट डालो राज करो ‘ की नीति अपनायी जाती है | पांच साल बाद जब चुनाव आते हैं तो नेताजी बड़े दयालु हो जाते हैं | अंत में कवि विवस होकर भविष्यवाणी करता है-
ऊधौ सुनो भय-भरे आपके निजाम का
कल होगा इंतकाल, जै कन्हैयालाल की |
104 वीं द्विपदी से सूचित होता है कि कवि ने यह लम्बी तेवरी वर्णिक छंद में रची है –
तेवरी विरोध-भरी वर्णिक छंद में
क्रांति की लिए मशाल, जै कन्हैयालाल की |
किन्तु यह कौन-सा वर्णिक छंद है, इसका उल्लेख नहीं किया है | फलस्वरूप शुद्धता की जांच नहीं की जा सकती है | छंद शास्त्र सम्बन्धी पुस्तकों के अवलोकन से विदित होता है कि इस छंद की लय चामर अथवा कुञ्ज से मिलती है | किन्तु ये दोनों छंद गणात्मक हैं | ‘ जै कन्हैयालाल की ‘ की अधिकांश द्विपदियाँ गणात्मक न होने के कारण दोषपूर्ण हैं | इनमें कोई एक क्रम नहीं है | कहीं पंक्ति में 14 तो कहीं 15 अथवा 16 वर्ण हैं | इसी प्रकार ‘ आदमी का सद्भाव कातिलों के बीच में ‘ के अंतर्गत ‘ बीच ‘ के आगे ‘ में ‘ का प्रयोग भर्ती का है | ‘ बीच ‘ शब्द के अंतर्गत ‘ में ‘ का भाव पहले से ही निहित है |
प्रकटतः इस तेवरी में ग़ज़ल का रचना-विधान दिखायी देता है | कवि की पत्रिका ‘ तेवरी-पक्ष ‘ में प्रकाशित तेवरियाँ भी सामान्यतः ग़ज़ल-फार्मेट में ही होती हैं | मतला, मक़ता, बहर, काफ़िया, रदीफ़, सबकुछ ग़ज़ल जैसा | किन्तु श्री रमेशराज उन्हें ग़ज़ल नहीं मानते | क्योंकि ग़ज़ल तो वह है जिसमें आशिक-माशूका के बीच प्यार-मुहब्बत की गुफ्तगू हो | ग़ज़ल का शाब्दिक अर्थ यही है | यदि श्री राज की इस मान्यता के अनुसार चलें तो आज दोहा, गीत, मुक्तक, आदि सभी कविताएँ तेवरी कही जानी चाहिए, क्योंकि उनमें भी जीवन के खुरदरे सत्य की चर्चा है | आज का नवगीत तो पूर्णतः अन्याय, अत्याचार, शोषण और राजनीतिक कुटिलता के विरुद्ध आवाज़ उठाता है | अतः वह भी तेवरी हुआ | समय के साथ-साथ आदमी का स्वभाव, पहनावा और आदतें बदल जातीं हैं, किन्तु उनका नाम वही रहता है | ‘ तेल ‘ शब्द का प्रयोग किसी समय मात्र तिल से निकलने वाले द्रव के लिए होता था, किन्तु आज वह सरसों , लाहा, मूंगफली, बिनौला, यहाँ तक कि मिट्टी के तेल के लिए भी प्रयुक्त होता है | ‘ मृगया ‘ शब्द का प्रयोग भी कभी केवल हिरन के शिकार के लिए होता था, किन्तु कालान्तर में वह सब प्रकार के पशुओं के लिए होने लगा | तो आज यदि समय के बदलाव के साथ ग़ज़ल का कथ्य बदल गया है तो वह ‘ ग़ज़ल ’ क्यों नहीं कही जानी चाहिए | अंततः कविता की कोई भी विधा अपने समय के अनुगायन ही तो करती है, अन्यथा उसकी प्रासंगिकता ही क्या रहेगी |
अस्तु, इस बात से विशेष अंतर नहीं पड़ता कि ‘ जै कन्हैयालाल की ‘ रचना एक लम्बी तेवरी है या लम्बी ग़ज़ल | मूल बात यह है कि यह समाजोपयोगी है और शिवेतरक्षतये के उद्देश्य की पूर्ति करती है | छान्दसिक अनुशासन की कतिपय शिथिलताओं के बावजूद यह पाठक की चेतना पर पर्याप्त सकारात्मक प्रभाव छोड़ती है | साहित्य जगत में इसे पर्याप्त स्थान मिलेगा, यह विश्वास न करने का कोई कारण नहीं है |
—————————————————————–
डॉ. ब्रह्मजीत गौतम, युक्का-206, पैरामाउन्ट, सिंफनी, क्रोसिंग रिपब्लिक, गाजियाबाद-201016 moba.- 9760007838

Language: Hindi
Tag: लेख
667 Views
📢 Stay Updated with Sahityapedia!
Join our official announcements group on WhatsApp to receive all the major updates from Sahityapedia directly on your phone.
You may also like:
2797. *पूर्णिका*
2797. *पूर्णिका*
Dr.Khedu Bharti
सुख भी बाँटा है
सुख भी बाँटा है
Shweta Soni
बसंती बहार
बसंती बहार
Er. Sanjay Shrivastava
किसी तरह मां ने उसको नज़र से बचा लिया।
किसी तरह मां ने उसको नज़र से बचा लिया।
Phool gufran
तुमने मुझे दिमाग़ से समझने की कोशिश की
तुमने मुझे दिमाग़ से समझने की कोशिश की
Rashmi Ranjan
पीठ के नीचे. . . .
पीठ के नीचे. . . .
sushil sarna
कमीना विद्वान।
कमीना विद्वान।
Acharya Rama Nand Mandal
कुछ तो गम-ए-हिज्र था,कुछ तेरी बेवफाई भी।
कुछ तो गम-ए-हिज्र था,कुछ तेरी बेवफाई भी।
पूर्वार्थ
वोट की खातिर पखारें कदम
वोट की खातिर पखारें कदम
Umesh उमेश शुक्ल Shukla
मौत के डर से सहमी-सहमी
मौत के डर से सहमी-सहमी
VINOD CHAUHAN
दोहा
दोहा
दुष्यन्त 'बाबा'
बहुत सस्ती दर से कीमत लगाई उसने
बहुत सस्ती दर से कीमत लगाई उसने
कवि दीपक बवेजा
💐प्रेम कौतुक-490💐
💐प्रेम कौतुक-490💐
शिवाभिषेक: 'आनन्द'(अभिषेक पाराशर)
गणतंत्र का जश्न
गणतंत्र का जश्न
Kanchan Khanna
// अंधविश्वास //
// अंधविश्वास //
Dr. Pradeep Kumar Sharma
*ऋषि नहीं वैज्ञानिक*
*ऋषि नहीं वैज्ञानिक*
Poonam Matia
రామయ్య రామయ్య
రామయ్య రామయ్య
डॉ गुंडाल विजय कुमार 'विजय'
लोककवि रामचरन गुप्त के पूर्व में चीन-पाकिस्तान से भारत के हुए युद्ध के दौरान रचे गये युद्ध-गीत
लोककवि रामचरन गुप्त के पूर्व में चीन-पाकिस्तान से भारत के हुए युद्ध के दौरान रचे गये युद्ध-गीत
कवि रमेशराज
आया तेरे दर पर बेटा माँ
आया तेरे दर पर बेटा माँ
Basant Bhagawan Roy
इबादत के लिए
इबादत के लिए
Dr fauzia Naseem shad
दुनिया को छोड़िए मुरशद.!
दुनिया को छोड़िए मुरशद.!
शेखर सिंह
" करवा चौथ वाली मेहंदी "
Dr Meenu Poonia
समय पर संकल्प करना...
समय पर संकल्प करना...
Manoj Kushwaha PS
💐मैं हूँ तुम्हारी मन्नतों में💐
💐मैं हूँ तुम्हारी मन्नतों में💐
DR ARUN KUMAR SHASTRI
पेड़ पौधे (ताटंक छन्द)
पेड़ पौधे (ताटंक छन्द)
नाथ सोनांचली
"गुल्लक"
Dr. Kishan tandon kranti
गारंटी सिर्फ़ प्राकृतिक और संवैधानिक
गारंटी सिर्फ़ प्राकृतिक और संवैधानिक
Mahender Singh
*धरती हिली ईश की माया (बाल कविता)*
*धरती हिली ईश की माया (बाल कविता)*
Ravi Prakash
विपक्ष जो बांटे
विपक्ष जो बांटे
*Author प्रणय प्रभात*
दिन सुखद सुहाने आएंगे...
दिन सुखद सुहाने आएंगे...
डॉ.सीमा अग्रवाल
Loading...